युवा भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनने के लिए उत्सुक हैं: जितेंद्र सिंह

श्रीनगर, 23 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि आज का युवा भारत की विकास यात्रा और ‘विकसित भारत 2047’ के विजन का हिस्सा बनने को पूरी तरह तत्पर है और युवा केवल विकास के लाभ लेने वाले नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माता हैं।

श्री सिंह ने श्रीनगर के नौगाम में जम्मू-कश्मीर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्य पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि नागरिकों, खासकर युवा पीढ़ी के साथ बेहतर जुड़ाव से देश की विकास यात्रा से पैदा हो रहे अवसरों में उनकी भागीदारी को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

श्री सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में माहौल बदल रहा है, जहां सामान्य स्थिति बहाल हो रही है और विकास तेजी पकड़ रहा है

उन्होंने कहा कि इस प्रगति ने खासकर युवा पीढ़ी के बीच अवसरों की एक नई भावना पैदा की है, जो अब शिक्षा, पेशेवर विकास, उद्यमिता और व्यापक अवसरों की ओर तेजी से देख रही है। श्री सिंंह ने कश्मीर के युवाओं की आकांक्षाओं का जिक्र करते हुए कहा, “युवा पीढ़ी बहुत महत्वाकांक्षी है और अपने लिए उपलब्ध अवसरों को गंवाना नहीं चाहती।”

उन्होंने कहा कि घाटी के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और निजी क्षेत्र में अपनी पहचान बना रहे हैं, जो आगे बढ़ने और बेहतर भविष्य बनाने की उनकी बढ़ती इच्छा को दर्शाता है। श्री सिंह ने कहा, “युवाओं की इस बढ़ती आकांक्षा को लगातार जुड़ाव और जमीनी स्तर पर बेहतर संपर्क के जरिए पूरा करने की जरूरत है।”

श्री सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर इस सकारात्मक रिश्ते को देख रहा है, जहां सामान्य स्थिति की बहाली विकास और प्रगति के लिए एक मजबूत आधार प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में हो रहा बदलाव खासकर युवा पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है, जो एक बहुत अलग दौर में बड़ी हुई है और अब व्यापक अवसरों को देख रही है। उन्होंने कहा, “प्राथमिकता इस पीढ़ी को देश की व्यापक विकास यात्रा से जोड़ने और उन्हें अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने में सक्षम बनाने की होनी चाहिए।”

 

 

Next Post

निकलेगी भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी, भगवान का रथ रहेगा आकर्षण का केंद्र

Sun Aug 23 , 2026
मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर में सोमवार, 24 अगस्त को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर से भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। शाही सवारी को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सवारी में आकर्षक झांकियां, धार्मिक स्वरूप में सजे […]

You May Like