
मंदसौर। भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर में सोमवार, 24 अगस्त को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर से भव्य शाही सवारी निकाली जाएगी। शाही सवारी को लेकर शहर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सवारी में आकर्षक झांकियां, धार्मिक स्वरूप में सजे वाहन और विभिन्न समूहों की सहभागिता श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी। भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन और शाही सवारी के स्वागत के लिए शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
शाही सवारी को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस द्वारा शहर की यातायात व्यवस्था में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ और सवारी के सुचारू संचालन को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा आवश्यकता के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
बड़े वाहनों और बसों के लिए मार्ग प्रतिबंधित
यातायात व्यवस्था के तहत 10 नंबर नाका से प्रतापगढ़ पुलिया तथा प्रतापगढ़ पुलिया से कोर्ट घाटी मार्ग पर बड़े वाहनों एवं बसों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रतापगढ़ से मंदसौर आने-जाने वाली बसों को नया खेड़ा मार्ग से आवागमन करना होगा। इससे शाही सवारी के मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
बड़ी पुलिया पर पूरे दिन सभी वाहन प्रतिबंधित
भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के समीप स्थित बड़ी पुलिया पर सोमवार को पूरे दिन सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसमें दोपहिया, तीन पहिया एवं चार पहिया वाहन भी शामिल हैं। यातायात पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।
खिलजीपुरा एवं चंद्रपुरा की ओर जाने वाले दोपहिया वाहन चालक छोटी पुलिया से आवागमन कर सकेंगे। वहीं अन्य वाहनों के लिए मनपुरिया चौराहा अथवा बाईपास-नालछा माता मंदिर मार्ग से आवागमन की व्यवस्था रहेगी।
शाही सवारी के शहर भ्रमण के दौरान मार्ग होंगे बंद
शाही सवारी के शहर भ्रमण के दौरान सवारी जिस मार्ग से गुजरेगी, उस मार्ग को आवश्यकतानुसार यातायात के लिए बंद रखा जाएगा। सवारी के आगे बढ़ने के साथ ही यातायात को अन्य वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ ही शाही सवारी को निर्बाध एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना है।
दर्शनार्थियों के लिए पार्किंग की व्यवस्था
शाही सवारी में शामिल होने और भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। नई पार्किंग चंद्रपुरा तथा छोटी पुलिया नदी किनारे मार्ग पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। लोगों से अपील है कि वे मुख्य मार्गों पर अथवा सवारी के मार्ग में अपने वाहन खड़े न करें।
आस्था के साथ अनुशासन भी जरूरी
भगवान पशुपतिनाथ की शाही सवारी मंदसौर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में विशेष महत्व रखती है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के एकत्रित होने के कारण यातायात व्यवस्था को बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण रहेगा। प्रशासन और पुलिस द्वारा शहरवासियों से अपील की गई है कि वे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों से ही आवागमन करें और अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
शाही सवारी के दौरान आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। भगवान पशुपतिनाथ की भव्य सवारी के साथ शहर में धर्म और उत्साह का वातावरण देखने को मिलेगा। श्रद्धालु भगवान के दर्शन एवं सवारी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में शहर के विभिन्न मार्गों पर मौजूद रहेंगे।
