संत रावतपुरा सरकार ने श्री देव जागेश्वरनाथ बांदकपुर का किया जलाभिषेक, सांसद राहुल सिंह सहित मंदिर ट्रस्ट ने किया आत्मीय स्वागत

विनय असाटी

दमोह। श्री देव जागेश्वरनाथ धाम में शुक्रवार को परम श्रद्धेय संत रावतपुरा सरकार का आगमन हुआ। संत श्री ने श्री देव जागेश्वरनाथ जी के पावन दरबार में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का विधिवत दर्शन व जलाभिषेक कर देश-प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि व जनकल्याण की कामना की। संत श्री के आगमन से मंदिर परिसर में श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण भक्तिमय हो गया। संत रावतपुरा सरकार के श्री देव जागेश्वरनाथ धाम पहुंचने पर लोकसभा सांसद राहुल सिंह व मंदिर ट्रस्ट की ओर से उनका भव्य व आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट की उपाध्यक्ष राजकुमारी सिंह लोधी,मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक आचार्य पंडित रामकृपाल पाठक, महाराज, लोकसभा सांसद राहुल सिंह लोधी सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी व श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों ने संत श्री का पुष्पमाला व धार्मिक परंपरा के अनुरूप स्वागत-अभिनंदन करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भगवान श्री देव जागेश्वरनाथ जी के दर्शन व जलाभिषेक के पश्चात संत रावतपुरा सरकार ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने आशीर्वचन प्रदान किए संत श्री ने कहा कि भगवान शिव की आराधना भारतीय सनातन संस्कृति में लोककल्याण और आत्मिक शांति का प्रमुख माध्यम है। भगवान शिव के दरबार में श्रद्धा और विश्वास के साथ किया गया पूजन मनुष्य के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है उन्होंने श्रद्धालुओं से धर्म, सेवा, सदाचार और सनातन संस्कारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर लोकसभा सांसद राहुल सिंह की ओर से संत श्री व उनके साथ पधारे संत-महात्माओं तथा ब्राह्मणों के लिए ब्राह्मण भोज का आयोजन भी किया गया। संत श्री ने मंदिर ट्रस्ट की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए भगवान श्री देव जागेश्वरनाथ जी की सेवा में निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने का आशीर्वाद प्रदान किया। मंदिर परिसर में संत श्री की उपस्थिति के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और श्रद्धाभाव देखने को मिला।

 

 

 

Next Post

चुरहट क्षेत्र में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त :अजय सिंह 

Fri Aug 21 , 2026
चुरहट। चुरहट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रामपुर नैकिन सहित विभिन्न इलाकों में हुई भारी बारिश से फसलों और मकानों को भारी नुकसान हुआ है| इस पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि बाढ़ से रामपुर नैकिन के मार्केट और दुकानों […]

You May Like