
चुरहट। चुरहट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रामपुर नैकिन सहित विभिन्न इलाकों में हुई भारी बारिश से फसलों और मकानों को भारी नुकसान हुआ है| इस पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा है कि बाढ़ से रामपुर नैकिन के मार्केट और दुकानों को भारी नुकसान हुआ है| इसके साथ ही निचले इलाकों की बस्तियों में पानी भर गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों का सामान, राशन और गृहस्थी का भारी नुकसान हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा से कई गरीब परिवारों के कच्चे मकान ढह गए हैं, जिसने उनके सिर की छत छीन ली है| उनके सामने आश्रय तथा रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। लोग खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं।
सिंह ने राज्य शासन और जिला प्रशासन से मांग की है रामपुर नैकिन के मार्केट और दुकानों को हुए भारी नुकसान का मुआवजा दिया जाए| बेघर हुए गरीब परिवारों के लिए तुरंत सुरक्षित आश्रय स्थलों, भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था तत्काल की जाए। इसके साथ ही जिन लोगों के मकान गिरे हैं, उन्हें बाढ़ राहत कोष से तत्काल मदद दी जाए| पीड़ित किसानों और ग्रामीणों को फसल एवं घरेलू सामान के नुकसान का उचित मुआवजा बिना किसी प्रशासनिक लेत-लतीफी के वितरित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग की टीमों से तत्काल खेतों और प्रभावित गांवों में भेजकर नुकसान का शत-प्रतिशत ईमानदारी से सर्वे कराया जाए।
अजय सिंह ने कहा है कि संकट की इस घड़ी में वे पूरी तरह से अपने क्षेत्र की जनता के साथ खड़े हैं।
