भोपाल: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि और स्वतंत्रता सेनानी, कवि, लेखक व पत्रकार माखनलाल चतुर्वेदी की पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महान विभूतियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और एकता के संदेश से मानवता की सेवा का मार्ग दिखाया, वहीं माखनलाल चतुर्वेदी ने अपने साहित्य, पत्रकारिता और प्रखर राष्ट्रवादी विचारों से समाज और राष्ट्र को नई दिशा दी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का जीवन लोककल्याण के पावन ध्येय की प्राप्ति का अनुकरणीय अध्याय है, जिसने देश को स्वतंत्रता ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों की मजबूत आधारशिला भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी विश्व को शांति और सह-अस्तित्व का संदेश देते हैं।
स्वतंत्रता सेनानी माखनलाल चतुर्वेदी को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कृतियां राष्ट्रसेवा, समाज के नवनिर्माण और लोककल्याण की प्रेरणा हैं। साहित्य और पत्रकारिता को नई दिशा देने वाले माखनलाल चतुर्वेदी अपने प्रखर विचारों और ओजस्वी लेखन के कारण सदैव स्मरणीय रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों महान व्यक्तित्वों का जीवन और विचार आज की पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
