‘अदकित्ता’ का प्रीमियर 11 सितंबर को जी5 पर

मुंबई, 09 सितंबर (वार्ता)मराठी जी5 की नई फिल्म ‘अदकित्ता’ माता-पिता बनने, भरोसे और भावनात्मक जुड़ाव की जटिलताओं को सामने लाती है। आशुतोष परांडकर के निर्देशन में बनी इस पारिवारिक ड्रामा फिल्म का प्रीमियर 11 सितंबर 2026 को होगा। फिल्म में सई ताम्हणकर, सिद्धार्थ चांदेकर और सखी गोखले प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
मंगेश पवार एंड कंपनी और जैकपॉट एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित फिल्म की कहानी गौतम और कस्तूरी नामक आत्मनिर्भर दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों करियर पर ध्यान देते हुए अपनी जिंदगी जी रहे होते हैं, लेकिन परिवार शुरू करने के फैसले के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है।
कठिन गर्भावस्था और समय से पहले बेटे ओंकार के जन्म के बाद गौतम और कस्तूरी के सामने बच्चे की देखभाल के साथ अपने पेशेवर जीवन को संभालने की चुनौती आती है। ऐसे में वे ओंकार की देखभाल के लिए मंगल नाम की आया को अपने घर में रखते हैं।

शुरुआत में मंगल दोनों के लिए एक जरूरी सहारा साबित होती है, लेकिन धीरे-धीरे दंपति की उस पर निर्भरता बढ़ने लगती है। मंगल उनके फैसलों, दिनचर्या और घरेलू मामलों को प्रभावित करने लगती है। इससे घर के रिश्तों और समीकरणों में बदलाव आने लगता है तथा मदद और नियंत्रण के बीच की सीमा धुंधली होने लगती है।
मंगल की भूमिका निभा रहीं सई ताम्हणकर ने कहा कि मंगल गौतम और कस्तूरी की जिंदगी में अप्रत्याशित समय पर आती है और धीरे-धीरे उनके सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन जाती है। उनके अनुसार फिल्म अलग-अलग परिस्थितियों और सोच वाले लोगों को जोड़ने वाली भावना के रूप में प्यार को सामने लाती है।
सिद्धार्थ चांदेकर ने कहा कि माता-पिता बनने के बाद गौतम की जिंदगी का पूरा समीकरण बदल जाता है। फिल्म परिवार और करियर के बीच संतुलन बनाने की दुविधा को सहजता और हास्य के साथ पेश करती है।
सखी गोखले ने कहा कि कस्तूरी एक शहरी और आत्मनिर्भर महिला है, जो मां बनने के नए अनुभव के साथ अपने सपनों को पूरा करने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक यह संघर्ष आज के दौर में बेहद प्रासंगिक है।
‘अदकित्ता’ में पारिवारिक रिश्तों, सहानुभूति, समझ, माफी और अपनों के लिए लिए जाने वाले फैसलों को भावनात्मक अंदाज में पेश किया गया है। फिल्म का प्रीमियर 11 सितंबर 2026 को विशेष रूप से मराठी जी5 पर होगा।

Next Post

ललितपुर से सीखा शराब बनाने का फॉर्मूला: सागर पुलिस ने पकड़ी 50 पेटी अवैध नकली शराब, 10 आरोपी गिरफ्तार, ठेकेदार फरार

Wed Sep 9 , 2026
सागर। सागर जिले के बण्डा एवं थाना विनायका में पंजीबद्ध अपराधों में आरोपियों की गिरफतारी कर उनकी शराब निर्माण एवं विक्रय का खुलासा पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया द्वारा किया गया है।बरेठी मदिरा दुकान के लाईसेसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत यकुर निवासी बण्डा के साथ मिलकर अवैध शराब निर्माण के […]

You May Like