मुंबई, 09 मई (वार्ता) दर्शन रावल ने आज अपना नया गाना ‘ओनली माइन’ रिलीज़ किया, जो गहरे और सच्चे प्यार की भावना को दिखाता है। इस गाने को दर्शन रावल ने खुद गाया और कंपोज़ किया है। इसके बोल उन्होंने सिद्धार्थ अमीर भावसार और यंगवीर के साथ मिलकर लिखे हैं। वहीं, मिर देसाई ने इसका म्यूज़िक तैयार किया है। दर्शन रावल ने कहा,“यह मेरे बाकी गानों से काफी अलग है। यह एक एक्सपेरिमेंटल और बहुत पैशनेट गाना है। मैंने इसकी धुन बनाई और जब मिर देसाई को सुनाई, तो उन्हें यह बहुत पसंद आई। उन्होंने कहा कि यह मेरे पहले के गानों से काफी अलग है। इसके बाद हमने इसे पूरी तरह लाइव रिकॉर्ड करने का फैसला किया।” उन्होंने बताया कि गाने में इस्तेमाल किए गए स्ट्रिंग्स और ड्रम्स भी लाइव रिकॉर्ड किए गए हैं।
दर्शन ने कहा,“जो लोग पुणे कॉन्सर्ट में आने वाले हैं, मैं यह गाना वहां लाइव गाऊंगा। मैं चाहता हूं कि आप सभी मेरे साथ इसे गाएं, इसलिए पहले से तैयार होकर आइए। ‘ओनली माइन’ ऐसा गाना है जिसे हम बहुत प्यार करते हैं। हमें इस पर गर्व है और उम्मीद है कि लोगों को भी यह गाना पसंद आएगा।” दर्शन रावल 10 मई, रविवार को अपने लाइव कॉन्सर्ट ‘साउंड ऑफ लव’ में भी शानदार परफॉर्मेंस देने के लिए तैयार हैं।

