सीमेंटेड ब्रिक्स की फैक्ट्री में मजदूर की दर्दनाक मौत

राखड़ के ढेर में दबने से हुई घटना, जांच कर रही पुलिस

सतना :भुमकर के कुडिय़ा गांव में संचालित सीमेंटेड ब्रिक्स यानी सीमेंट की ईंटें बनाने वाली फैक्ट्री में राखड़ के ढेर में दब जाने से वहां पर कार्यरत एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच कार्रवाई की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार अहिरगांव निवासी 29 वर्षीय इंद्रपाल दाहिया पिता कैलाश भुमकहर के कुडिय़ा गांव में स्थित सीमेंटेड ब्रिक्स बनाने की फैक्ट्री में कार्यरत था. उक्त फैक्टी में वह पिछले 5 वर्ष से कार्य करता आ रहा था. हर रोज की तरह बुधवार को भी वह अपने काम में लगा हुआ था. बताया गया कि सुबह के लगभग साढ़े 10 बजे ट्रक क्र. एमपी 53 एचए 3655 उक्त फैक्ट्री में राखड़ लेकर पहुंचा.

ट्रक के चालक ने ट्रक में लदे राखड़ को अनलोड करने के लिए मजदूर इंद्रपाल से कहा. मजदूर ने जैसे ही ट्रक के पिछले गेट को खोला वैसे ही गेट सीधे मजदूर के कंधे पर आकर लग गया. जिसके चलते मजदूर नीचे गिर गया और देखते ही देखते ट्रक में लदा राखड़ का ढेर उसके ऊपर आ गिरा. इससे पहले कि वहां पर मौजूद अन्य मजदूर कुछ समझ पाते तब तक बहुत देर हो चुकी थी. घटना की जानकारी मिलने पर फैक्ट्री संचालक भी मौके पर पहुंच गए और मशक्कत करते हुए राखड़ के ढेर में दबे मजदूर को किसी तरह बाहर निकाला गया. जिसके बाद मजदूर को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां पर जांच करने पर ड्यूटी डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. यह सुनते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने के बाद पुलिस टीम फैक्ट्री परिसर भी पहुंच गई और लोगों से पूछताछ करते हुए घटना के बारे में जानकारी जुटाई.
सुरक्षा के नाम पर हीला हवाली
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने बताया कि सीमेंटेड ब्रिक्स बनाने वाली उक्त फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों को कोई सुरक्षा उपकरण नहीं दिए जाते. बुधवार को हुई घटना यह बताने के लिए काफी है कि फैक्ट्री संचालक के लिए मजदूरों की जान कितनी सस्ती है. फैक्ट्री में कार्यरत मजदूरों को चौतरफा शोषण किया जा रहा है. वहीं मजदूर इंद्रपाल की मौत पर व्यथित परिजनों द्वारा फैक्ट्रर संचालक से मुआवजे की मांग भी की जा रही है

Next Post

हाईकोर्ट ने कटनी एसपी सहित अन्य से मांगा जवाब

Thu Feb 6 , 2025
शराब पीने रुपये न देने पर चाकू से हमले का प्रकरण जबलपुर: हाईकोर्ट के जस्टिस विवेक जैन की एकलपीठ ने पुलिस अधीक्षक कटनी सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब पेश करने के निर्देश दिये है। मामला शराब पीने के लिए दस हजार रुपये देने से मना करने पर चाकू […]

You May Like