
ग्वालियर। डबरा के कैचमेंट एरिया में हो रही लगातार बारिश के कारण हरसी बांध पूरी तरह भर गया है। बांध के बेस्ट वियर पर पानी का स्तर 4.30 फुट तक पहुंच गया है। इससे पार्वती और सिंध नदी में जल स्तर बढ़ गया।
प्रशासन ने शनिवार दोपहर में नदी किनारे बसे गांवों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। टीम ने लोगों को नदी से दूर रहने की हिदायत दी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में आने वाले घरों को चिह्नित किया। इन घरों के लोगों को यहां से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।
एसडीओपी जितेंद्र नागाइच ने बताया कि पार्वती नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन की टीमें किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। सुबह से प्रशासन की टीमें जल प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर रही हैं। बांध से रोजाना पानी छोड़ा जा रहा है। प्रशासन ने रात में पानी और बढ़ने की संभावना जताई है। भितरवार से तहसीलदार धीरज परिहार, एसडीओपी जितेंद्र नागाइच और बैलगढ़ा थाना प्रभारी अजय सिकरवार सहित पुलिस बल मौके पर ही डेरा डाले हुए हैं।
