भोपाल: मध्य प्रदेश की राजनीति में अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर कांग्रेस में अपने रिश्तों और जुड़ाव का संदेश दिया है। उन्होंने शुक्रवार को पूर्व सीएम कमलनाथ से मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं।दिग्विजय ने पोस्ट में लिखा कि कमलनाथ से उनके पारिवारिक रिश्ते लगभग 50 वर्षों पुराने हैं। राजनीतिक जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की विचारधारा और जनता के हित में दोनों हमेशा साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने साफ कहा, छोटे-मोटे मतभेद तो रहे, लेकिन मनभेद कभी नहीं हुए।
कांग्रेस नेतृत्व और जनता से मिले सहयोग का आभार जताते हुए दिग्विजय ने यह भी दोहराया कि भविष्य में भी वे मिलकर कांग्रेस के नेतृत्व में जनता की सेवा करते रहेंगे।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह हाल ही में एक पॉडकास्ट में पांच साल पहले की बंद कमरे की चर्चा कर चुके थे, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई थी। अब कमलनाथ संग उनकी यह मुलाकात और साझा संदेश कांग्रेस में एकजुटता का संकेत माना जा रहा है।
