बेंगलुरु, 12 सितंबर (वार्ता) देश की अग्रणी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इंफोसिस ने 10 करोड़ शेयर 1,800 रुपये प्रति शेयर की प्रीमियम दर पर वापस खरीदने की घोषणा की है।
कंपनी के निदेशक मंडल की गुरुवार शाम हुई बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी।
कंपनी ने बताया कि वह 1,800 रुपये प्रति शेयर की दर से 10 करोड़ शेयर खरीदेगी। बीएसई में कल (गुरूवार को) कंपनी के शेयर 1,509.50 रुपये के भाव पर बंद हुये थे। रिकॉर्ड डेट की घोषणा बाद में की जायेगी।
कंपनी के पांच रुपये अंकित मूल्य वाले ये इक्विटी शेयर उसके कुल इक्विटी शेयर का 2.41 प्रतिशत हैं।
फिलहाल इंफोसिस के 4,15,43,92,203 शेयरों में 13.05 प्रतिशत 26 प्रवर्तकों के पास हैं। भारतीय संस्थागत निवेशकों (वित्तीय संस्थानों, बैंक और म्यूचुअल फंड) के पास 37.81 प्रतिशत, विदेशी निवेशकों के पास 37.74 प्रतिशत और भारतीय खुदरा निवेशकों तथा कॉर्पोरेट के पास 11.40 प्रतिशत शेयर हैं।
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर इफोसिस का कुल राजस्व 43,321 करोड़ रुपये और कुल लाभ 6,924 करोड़ रुपये रहा था। उसकी शुद्ध समेकित बिक्री 42,279 करोड़ रुपये रही थी।
