कोलकाता 12 नवंबर (वार्ता) ऋषभ पंत के बतौर विकेटकीपर एकादश में जगह बनाने के साथ ही ध्रुव जुरेल भी बतौर बल्लेबाज भारतीय एकादश का हिस्सा हो सकते हैं। ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी की जगह जुरेल को मौक़ा दिया जा सकता है, वहीं चोट के चलते वेस्टइंडीज टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाने वाले पंत वापसी करते नजर आएंगे।
भारत के सहायक कोच रायन टेन डशकाटे ने आज संवाददाता सम्मेलन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट से दो दिन पहले एक तरह से जुरेल के खेलने की पुष्टि की।
पंत की अनुपस्थिति में जुरेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था और अहमदाबाद में अपना पहला टेस्ट शतक भी जड़ा था। इसके बाद जुरेल ने बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ा।
टेन डशकाटे से जब जुरेल की मौजूदा फार्म के बारे में पूछे गये सवाल के जबवा में कहा, “इसका संक्षिप्त जवाब यही है कि मुझे नहीं लगता कि हम उन्हें इस टेस्ट से बाहर नहीं रख सकते। लेकिन जाहिर तौर पर आप एकादश ही चुन सकते हैं और किसी अन्य को बाहर बैठना होगा। मुझे लगता है कि हमारे पास एक अच्छे संयोजन का विचार है।”
उन्होंने कहा, “जिस तरह से जुरेल ने पिछले छह महीने में प्रदर्शन किया है, पिछले सप्ताह बेंगलुरु में उन्होंने दो शतक भी जड़े इसलिए इस सप्ताह उनका खेलना निश्चित है। वॉशिंगटन सुंदर , अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा के रूप में हमारे पास अतिरिक्त बल्लेबाज भी हैं इसलिए उनके होने से हमारे पास लचीलापन भी है। लेकिन मैं बेहद चकित हूंगा अगर हम इस सप्ताह जुरेल और पंत दोनों को खेलते हुए न देखें।”
टेन डशकाटे ने कहा, “हमारा प्राथमिक उद्देश्य तो यही है कि हम पहले जीतने की रणनीति तैयार करें और फिर इसके बाद यह सुनिश्चित करें कि खिलाड़ियों को विकसीत होने का मौक़ा देना है। जहां तक नीतीश की बात है तो उनको लेकर हमारा विचार बदला नहीं है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सफेद गेंद सीरीज में अधिक गेम टाइम नहीं मिला लेकिन सीरीज़ की महत्ता और संभावित परिस्थतियों को देखते हुए मुझे लगता है कि उन्हें इस सप्ताह बाहर बैठना पड़ सकता है।”
उन्होंने कहा, “ऐसा बहुत हद तक संभव है कि वह तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरें और एक तरह से यह किसी उपमहाद्वीप की टीम के खिलाफ खेलने जैसा ही होगा। सामान्य तौर पर जब आप दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलते हैं तो आपके लिए चिंता का विषय उनके तेज गेंदबाज होते हैं, मुझे लगता है कि वह दो तेज गेंदबाज और तीन स्पिनर्स के साथ मैदान में उतरेंगे। लेकिन उपमहाद्वीप में खेलना भी अपनी तरह की चुनौती है। यह एक अच्छी चुनौती होगी। मुझे उम्मीद है कि हमने न्यूज़ीलैंड सीरीज से सबक लिया है। हमने स्पिन खेलने की अपनी योजना पर काम किया है। और आप सही कह रहे हैं जिस तरह से उन्होंने पाकिस्तान में प्रदर्शन किया है उसे देखते हुए हमारे लिए यह पहलू बेहद अहम रहने वाला है।”
