न्यूजीलैंड ने दिया दक्षिण अफ्रीका को 176 रनों का लक्ष्य

अहमदाबाद, 14 फरवरी (वार्ता) मार्क चैपमैन (48), डैरिल मिचेल (32) और फिन (31) की शानदार पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने शनिवार को टी-20 विश्वकप के 24वें मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 175 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

आज यहां दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड को 64 के स्कोर तक मार्को यानसन ने शुरुआती तीन झटके दिये। टिम साइफर्ट (13), रचिन रविंद्र (13), फिन ऐलन (31) रन बनाकर आउट हुये। चौथे विकेट के रूप में ग्लेन फिलिप्स (एक) को केशव महाराज ने बोल्ड आउट किया। ऐसे संकट के समय मार्क चैपमैन और डैरिल मिचेल की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिये 74रनों की साझेदारी हुई। 14वें ओवर में मार्को यानसन ने मार्क चैपमैन को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। चैपमैन ने 26 गेंदों में छह चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 48 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में लुंगी एन्गिडी ने डैरिल मिचेल को अपना शिकार बना लिया। डैरिल मिचेल ने 24 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। कप्तान मिचेल सैंटनर चार रन बनाकर आउट हुये।

न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवराें में सात विकेट पर 175 रनों का स्कोर खड़ा किया। जिमी नीशम ने 15 गेंदों में 23 रनों की नाबाद पारी खेली। मैट हेनरी नौ रन बनाकर नाबाद रहे।

दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्को यानसन ने चार विकेट लिये। लुंगी एन्गिडी , केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

आप ने एसआईआर प्रक्रिया में फॉर्म-7 के दुरुपयोग पर सीईओ को सौंपा ज्ञापन

Sat Feb 14 , 2026
रायपुर, 14 फरवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान फॉर्म-7 के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को एक ज्ञापन दिया है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को राज्य के सीईओ से मुलाकात कर […]

You May Like