बैंटन का आतिशी अर्धशतक, इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को 5 विकेट से हराया

कोलकाता, 14 फरवरी (वार्ता) आदिल राशिद (तीन विकेट), जोफ्रा आर्चर और लियम डॉसन (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद टॉम बैंटन (नाबाद 63) और जेकब बेथेल (32) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने शनिवार टी-20 विश्वकप के 23वें मुकाबले में स्कॉटलैंड को 10 गेंदे शेष रहते पांच विकेट से शिकस्त दी। टॉम बैंटन को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने पहले दो ओवरों में 13 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिये। फिल सॉल्ट (दो) और जॉस बटलर तीन रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद जेकब बेथेल और टॉम बैंटन की जोड़ी ने पारी को संभाल और तीसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े। 10वें ओवर में ऑलिवर डेविडसन ने जेकब बेथेल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। जेकब बेथेल ने 28 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 32 रन बनाये। कप्तान हैरी ब्रूक चार रन बनाकर आउट हुये। सैम करन ने एक चौका और दो छक्के लगाते हुए 28 रन बनाये। इंग्लैंड ने 18.2 ओवर में पांच विकेट पर 155 रन बनाकर मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम किया। टॉम बैंटन ने 41 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए नाबाद 63 रनों की मैच विजयी पारी खेली। विल जैक्स 10 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रहे।

स्कॉटलैंड के लिए चार गेंदबाजों ने एक-एक विकेट लिया।

इससे पहले आज यहां कप्तान रिचर्ड बेरिंग्टन (49), माइकल जोंस (33), टॉम ब्रूस (24) और ऑलिवर डेविडसन (नाबाद 20) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर स्कॉटलैंड ने 152 रन का स्कोर बनाया।

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 42 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिये। जॉर्ज मंसी (चार), ब्रैंडन मक्मलेन (शून्य) और माइकल जोंस (33) रन बनाकर आउट हुये। माइकल जोंस ने 20 गेंदों का सामना किया और पांच चौके और एक छक्का लगाया।

इसके बाद कप्तान रिचर्ड बेरिंग्टन और टॉम ब्रूस ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 71 रन जोड़े। 13वें ओवर में लियाम डॉसन ने टॉम ब्रूस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। टॉम ब्रूस ने 18 गेंदों में एक चौका और एक छक्का लगाते हुए 24 रन बनाये। अगले ही ओवर में आदिल राशिद ने अर्धशतक से एक रन दूर रहे रिचर्ड बेरिंग्टन को अपना शिकार बना लिया। रिचर्ड बेरिंग्टन ने 32 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाते हुए 49 रनों की पारी खेली। इसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए स्कॉटलैंड की टीम को 19.4 ओवर में 152 के स्कोर पर समेट दिया। ऑलिवर डेविडसन 15 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाते हुए 20 रन बनाकर नाबाद रहे।

इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद ने तीन विकेट लिये। जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन को दो-दो विकेट मिले। जेमी ओवर्टन और सैम करन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

 

Next Post

पुलवामा हमले के शहीदों को याद कर दी श्रद्धांजलि

Sat Feb 14 , 2026
राजगढ़। जिला मुख्यालय पर पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई. खिलचीपुर नाका स्थित भारत माता चौराहा पर पूर्व सैनिको द्वारा दो मिनट का मौन रखकर पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिको को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस मौके पर भूतपूर्व सैनिक संगठन के […]

You May Like