ग्वालियर:ठाटीपुर थाना क्षेत्र के सिद्धेश्वर नगर से अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। सेल्फ ड्राइविंग के लिए एक व्यक्ति थार गाड़ी किराए पर ले गया और फिर वापस नहीं आया। दो दिन तक गाड़ी मालिक इंतजार करता रहा और जब मोबाइल से बात करनी चाही तो वह बंद मिला। बीती शाम गाड़ी मालिक ठाटीपुर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने मामला कायम कर लिया है।
कृष्णापुरम कॉलोनी में पवन गुर्जर पुत्र उदय सिंह गुर्जर निवासी सिद्धेश्वर नगर के पास 4 गाड़ियां हैं, जिन्हें सेल्फ ड्राइविंग के लिए किराए पर देते हैं। कुछ दिनों रहने वाला दुर्गेश सोनी नाम का युवक आ रहा था और सेल्फ ड्राइविंग के लिए थार गाड़ी ले जा रहा था। दो-तीन बार गाड़ी ले गया तो वापस कर गया। इससे पवन को दुर्गेश पर विश्वास हो गया था। 28 अक्टूबर की शाम 5 बजे दुर्गेश सोनी एक बार फिर पवन गुर्जर के पास पहुंचा और सेल्फ ड्राइविंग के लिए थार गाड़ी मांगी।
पवन ने दुर्गेश को थार गाड़ी नम्बर एमपी 07 जेडजेड- 1265 की चाबी दी और कहा कि ले जाओ। इस बार दुर्गेश गाड़ी लेकर गया तो वापस नहीं आया। दूसरे दिन जब गाड़ी वापस नहीं आई तो पवन ने दुर्गेश को फोन लगाया, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिला। तीन दिन तक गाड़ी जब वापस नहीं आई तो पवन ठाटीपुर थाने पहुंचा और पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने तुरंत दुर्गेश सोनी के खिलाफ एफआईआर लिखी।
शिवपुरी भेजी है टीम
सेल्फ ड्राइविंग के लिए दुर्गेश सोनी ने थार गाड़ी किराए पर ली और उसके बाद वापस नहीं आया। आरोपी को पकड़ने के लिए एक पुलिस टीम शिवपुरी भेजी है। आधार कार्ड में जो पता है उस पते पर पुलिस टीम गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
विपेन्द्र सिंह चौहान, टीआई, ठाटीपुर
