रायपुर, 02 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद के मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार तड़के आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि संयंत्र से उठ रहा काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 5:30 बजे प्लांट में आग लगने की सूचना मिली। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया और प्लांट के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के काम में जुट गये।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी शुरू की। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। जबकि किसी प्रकार की जनहानि की भी तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।
इस संबंध में तहसीलदार विनोद साहू ने बताया, “मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। अग्निशमन विभाग, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। आग लगने के कारणों और नुकसान की जांच की जा रही है।”
वहीं, मंदिर हसौद थाना प्रभारी ने बताया, “शुरुआती जांच में सामने आया कि प्लांट के भीतर टर्बाइन लीकेज होने से आग लगी थी। राहत की बात रही कि घटना में जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की मदद से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।”
पुलिस और प्रशासन द्वारा आग लगने के कारण तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
