राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

भोपाल। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजीव गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजीव सिंह, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।

सभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि देश में नफरत और विभाजन की राजनीति का माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए सरकारी एवं आर्थिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या नफरत की विचारधारा का परिणाम थी और आज फिर वैसा ही वातावरण तैयार किया जा रहा है।

केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार मुक्त भारत, रोजगार और मजबूत अर्थव्यवस्था के वादों के साथ सत्ता में आए थे, लेकिन आज देश आर्थिक संकट, बेरोजगारी और सामाजिक विभाजन जैसी समस्याओं का सामना कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था, संस्थाओं और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतंत्र को मजबूत करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और देश को एकजुट रखने की राजनीति करती रही है। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों पर चलने तथा लोकतंत्र, संविधान और भाईचारे की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

Next Post

​मिशन बूथ मजबूत: जीतू पटवारी ने बदली सीधी, मंदसौर और सागर सहित 10 जिलों की टीम, अनुभव और युवाओं को मौका

Thu May 21 , 2026
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के विभिन्न जिलों में नई जिला कार्यकारिणियों की घोषणा की है। यह नियुक्तियां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशन में की गई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार सीधी, मंदसौर, […]

You May Like