ट्रंप ने अपने वफादार हंग काओ को नौसेना सचिव किया नामित

वॉशिंगटन, 02 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नौसेना सचिव के पद के लिए हंग काओ को नामित किया है। अप्रैल में उनके पूर्ववर्ती के पद छोड़ने के बाद से यह खाली पड़ा है।
श्री ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर इसका ऐलान करते हुए कहा कि श्री काओ नौसेना और समुद्री कोर का नेतृत्व करने के लिए उपयुक्त व्यक्ति हैं। राष्ट्रपति ने कहा, “हमें अपनी नौसेना और समुद्री कोर की अगुवाई के लिए श्री काओ जैसे देशभक्तों की ज़रूरत है। हमारी शानदार नौसेना और समुद्री कोर दुनिया की सबसे ज़बरदस्त एवं बेहतरीन सेनाएं बनी रहे, यह सुनिश्चत करने के लिए उनसे बेहतर कोई और नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा, “सीनेट को इनकी नियुक्ति को जल्द से जल्द मंज़ूरी देनी चाहिए ताकि वह पिछले चार महीनों से कर रहे शानदार काम को जारी रख सकें। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद।”
श्री ट्रंप की यह घोषणा सेना सचिव डैनियल ड्रिस्कॉल का इस्तीफ़ा मंज़ूर करने के एक दिन बाद और नौसेना के पूर्व सचिव जॉन फेलन को उनके पद से हटाए जाने के चार महीने बाद की गई है। नौसेना के कार्यवाहक सचिव के रूप में काम कर रहे श्री काओ ने नामित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा किया।

श्री काओ 1975 में अमेरिका आए थे और 1989 में सीमैन रिक्रूट के तौर पर नौसेना में शामिल हुए। बाद में, 1996 में अमेरीकी नौसैना एकेडमी से स्नातक होने के बाद उन्हें विशेष अभियान अधिकारी के रूप में कमीशन किया गया। उन्होंने 2024 में वर्जीनिया के डेमोक्रेटिक सीनेटर टिम केन के खिलाफ़ यूएस सीनेट का चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। चुनाव प्रचार के दौरान श्री काओ के साथ प्रचार करने वाले श्री ट्रंप ने उस समय उन्हें बहुत अच्छा व्यक्ति बताया था।

उन्होंने ऐसे मुश्किल समय में नौसेना की कमान संभाली है जब ईरान युद्ध आठवें महीने में प्रवेश कर चुका है। अमेरिकी विमान वाहक ‘अब्राहम लिंकन’ पर मौजूद हालात को लेकर भी उनके कार्यकाल की जांच-पड़ताल हुई है।श्री काओ ने घोषणा करते हुए कहा कि लिंकन जहाज घर लौट रहा है। जहाज पर खराब हालात की खबरें थीं जिनमें फफूंद लगे शॉवर और सड़ा हुआ खाना शामिल था।रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि कई नाविकों ने जहाज से कूदने की कोशिश की थी।

श्री ट्रंप ने उस समय इन आरोपों को “सीएनएन की फर्जी खबर” कहकर खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा कि लिंकन को काफी समय के लिए तैनात किया गया था और अमेरिकी कैरियर पहले भी लंबे समय तक समुद्र में रहे हैं। श्री काओ को औपचारिक रूप से पद संभालने से पहले सीनेट की मंज़ूरी लेनी होगी। कुछ सीनेटर पहले ही उनके नामांकन का समर्थन कर चुके हैं। फ्लोरिडा के रिपब्लिकन सीनेटर रिक स्कॉट ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “मुझे पता है कि आप हमारे शानदार नाविकों और नौसेनिकों का समर्थन करने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे।”

.....

Next Post

जोंटी रोड्स ने 2027 वर्ल्ड कप प्लान के लिए रोहित और कोहली का समर्थन किया

Wed Sep 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर जोंटी रोड्स का मानना है कि भारत के अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली की 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम की योजनाओं में अहम भूमिका हो सकती है। जहां रोहित का अनुभव दबाव वाले हालात में बहुत […]

You May Like