
भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने हाल ही में संपन्न हुई पुलिस भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा के लिए उप पुलिस महानिरीक्षकों के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की। बैठक में भविष्य की भर्ती प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष एवं प्रभावी बनाने के उपायों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रत्येक चरण में उच्चतम स्तर की निष्पक्षता बनाए रखने तथा निर्धारित प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने जमीनी स्तर की चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया, विशेष रूप से दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में होने वाली कठिनाइयों और आवश्यक सुविधाओं के अभाव पर चर्चा की गई।
समीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अपनाई गई व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला गया, जिनमें फिंगरप्रिंट आधारित पहचान सत्यापन, फेस रिकग्निशन, आईरिस स्कैन, चिकित्सकीय परीक्षण तथा दस्तावेजों की गहन जांच शामिल है। सुरक्षित डिजिटल अभिलेख बनाए रखने के लिए सॉफ्टवेयर आधारित डेटा प्रबंधन और ऑनलाइन अपलोड प्रणाली का उपयोग किया गया, साथ ही तकनीकी बाधाओं से निपटने के लिए समानांतर मैनुअल व्यवस्था भी रखी गई।
शारीरिक दक्षता परीक्षाएं निर्धारित मानकों के अनुसार निरंतर निगरानी में संपन्न कराई गईं और परिणाम समयबद्ध तरीके से तैयार किए गए।
बैठक में भर्ती प्रक्रिया में उत्कृष्ट योगदान देने वाले अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
