
ग्वालियर। सांसद भारत सिंह कुशवाह ने संसद में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मांग की है कि ग्वालियर का भव्य रेलवे स्टेशन 500 करोड़ की लागत से तैयार किया जा रहा है। ग्वालियर की जनता की भावना है कि इसे पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न पं. अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से जाना जाए। जैसे ही उन्होंने यह मांग रखी, सभी सांसदों ने मेजें थपथपाकर उनकी मांग का समर्थन किया।
कुशवाह ने यह भी मांग रखी कि ग्वालियर से दिल्ली एवं ग्वालियर से भोपाल वंदेभारत स्लीपर ट्रेन आरंभ की जा सके, जिससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिल सके। उन्होंने तीसरी मांग रखी कि खजुराहो से सवाई माधौपुर तक रेलवे यातायात बहाल किया जाए। खजुराहो से झांसी,करैरा, शिवपुरी, पोहरी, श्योपुर से सवाई माधौपुर तक रेलवे लाइन को बढ़ा दिया जाए, तो न सिर्फ यात्रियों की रेल सुविधा में इजाफा होगा, बल्कि 450 किलोमीटर क्षेत्र में पर्यटन सर्किल विकसित होगा, जिसमें मध्यप्रदेश के साथ उत्तरप्रदेश एवं राजस्थान में भी पर्यटन का भी विकास होगा।
सांसद कुशवाह ने पत्र के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को अवगत कराया है कि अभी जो पर्यटक पन्न टाइगर रिजर्व, खजुराहो के मंदिर और ओरछा मेंं राम राजा का मंदिर देखकर वापस हो जाते हैं, वो यदि झांसी से सवाईमाधौपुर रेलवे लाइन डाल दी गई तो वे शिवपुरी होते हुए श्योपुर पहुंचेंगे और कूनो माधव टाइगर पार्क में जाकर चीते देखेंगे और सवाई माधौपुर आसानी से पहुंच सकेंगे। उन्होंने बताया कि झांसी से श्योपुर रेललाइन के लिए सर्वे कार्य पूरा हो चुका है, जिसके लिए शीघ्र विस्तृत परियोजना रिपोर्ट( डीपीआर) तैयार कराई जाए, जिससे झांसी से श्योपुर रेलवे लाइन का रास्ता साफ हो सके।
