हाईटेंशन टावर में चढ़े युवक ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा

सीधी/मड़वास। जिले के मड़वास थाना अंतर्गत ग्राम दरिमाडोल से गुजरने वाली 133 हजार केवी करंट दौड़ती लाइन के सैकड़ों फीट हाईटेंशन टॉवर पर चढक़र एक युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा घंटो देखने को मिला। जब पुलिस उसे उतारने की जद्दोजेहद में लगी थी तो युवक द्वारा मांग की जा रही थी कि उसे घर वालों से भूमि में अलग हिस्सा दिलाया जाए। हैरानी की बात ये है कि टॉवर के तारों में इतना करंट दौड़ता है कि स्थानीय लोग उसके पास से गुजरना सुरक्षित नहीं समझते। ऐसे में युवक को टॉवर पर चढ़ा देख नीचे मौजूद हर कोई सन्न रह गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत ही मड़वास पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मड़वास पुलिस ग्राम दरिमाडोल पहुंची और युवक को नीचे उताने का प्रयास शुरु किया। टॉवर पर चढ़ा युवक कभी तार पकडऩे की धमकी दे रहा था तो कभी नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। दोनों ही स्थितियों में ये स्पष्ट था कि उसकी जान नहीं बच सकेगी। वहीं पुलिस के साथ भी बड़ी समस्या ये थी कि सुरक्षा कारणों के चलते वो भी टॉवर पर नहीं चढ़ पा रही थी। ऐसे में युवक को नीचे ला पाना और उससे ऊंचाई अधिक होने के चलते पर्याप्त संपर्क साध पाना खासा मुश्किल हो रहा था। युवक की पहचान विजय कुमार साकेत उर्फ पटवारी पिता रामबदन साकेत उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम दरिमाडोल के रूप में हुई है। बार-बार मरने की धमकी देने वाले युवक से जब पुलिस ने ऊपर चढऩे का कारण पूंछा तो उसने बताया किए उसके दो भाई और हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। वो सबसे छोटा है और उसकी शादी भी नहीं हुई है। युवक की डिमांड थी कि उसकी पैतृक संपत्ति का बंटवारा हो और बंटवारे के बाद वो जमीन किसी को भी बेचे उससे किसी तरह की पूंछताछ न की जाए। युवक की इस अटपटी डिमांड को सुनकर पुलिस भी सोच में पड़ गई। हालांकि बाद में पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए लंबी जद्दोजहद के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। फिलहाल युवक को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया गया है। यह घटना आग की तरह फैलते ही लोग काफी हैरत में हैं। मोटी तिरपाल लेकर टावर के नीचे धड़ी थी पुलिस

मड़वास पुलिस हाई वोल्टेज करंट के ऊंचे टावर में चढ़े युवक को किसी भी हालत में नीचे उतारने के प्रयास में जुटी हुई थी। साथ ही युवक द्वारा बार-बार करंट प्रवाहित तार को पकडक़र जान देने की धमकी भी दी जा रही थी। कई बार युवक ऊंचे टावर से नीचे छलांग लगाने की धमकी भी दे रहा था। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस द्वारा आनन-फानन में एक मोटे तिरपाल की व्यवस्था बनाई गई। यह तिरपाल लेकर घंटों टावर के नीचे पुलिस कर्मी खड़े थे। तिरपाल के चारों कोनों में पुलिस कर्मियों द्वारा पकड़ा गया था। जिससे यदि किसी भी कारण वश युवक नीचे गिरे तो उसको बचाने में मदद की जा सके। पुलिस कर्मी इस दौरान युवक से लगातार बात भी कर रहे थे और उसको यह समझाइस देते रहे कि टावर के नीचे उतरो तो तुम्हारी समस्या का निराकरण कराया जा सके। पुलिस कर्मियों को काफी देर तक उलझाने के बाद किसी तरह युवक उनकी बात पर राजी हुआ और ऊचे टावर से नीचे उतरा। जिसे पुलिस द्वारा अपने कब्जे में ले लिया गया।

Next Post

जिले में 7500 शिक्षकों की नौकरी खतरे में, टीईटी से साबित करनी होगी योग्यता

Mon Sep 15 , 2025
खरगोन। सुप्रीम कोर्ट के एक निर्णय ने देश सहित जिले के शिक्षकों की नींद उड़ा दी है। इस निर्णय के अनुसार कक्षा 8वीं तक पढ़ाने वाले सभी सेवारत शिक्षकों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उतीर्ण करना अनिवार्य किया गया है, चाहे उनकी नियुक्ति की तिथि कुछ भी रही हो। केवल […]

You May Like