भारत हमेशा पाकिस्तान पर भारी पड़ा है। वन डे वर्ल्डकप में सभी 8 मैचों में भारत जीता है, टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप में 7 मैच भारत जीता और सिर्फ 1 मैच में पाक जीता है।
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले ही भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है। 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होना था, लेकिन मैदान में उतरने से पहले ही पाकिस्तान ने पीछे हटने का फैसला कर लिया। पाकिस्तान के इस कदम पर आईसीसी ने कड़ा ऐतराज जताया है। आईसीसी का कहना है कि यह फैसला खेल की मूल भावना के खिलाफ है और पीसीबी को इस मामले में कोई समाधान निकालना होगा, नहीं तो इसके दूरगामी और गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
पाकिस्तान को यह गलतफहमी है कि आईसीसी उसी के दम पर चलता है। पहले इसी तरह की सोच के चलते बांग्लादेश को नुकसान उठाना पड़ा था और अब पाकिस्तान के इस फैसले से उसका खुद का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। दरअसल, पाकिस्तानी सरकार ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने के लिए टीम को मंजूरी तो दे दी है, लेकिन इसके साथ एक अहम शर्त भी रखी है। सरकार ने साफ किया है कि पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा। यानी टूर्नामेंट में पाकिस्तान की भागीदारी होगी, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं होगा।
