दमोह: शहर के एक्सीलेंस स्कूल, केंद्रीय विद्यालय और पीजी कॉलेज में नीट परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के पहुंचने का क्रम जारी है। परीक्षा केंद्रों पर 3 लेयर में छात्रों की जांच की जा रही है। अभिभावक छात्रों को केंद्र तक छोड़ने पहुंच रहे हैं। पूरी व्यवस्था के साथ प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंच चुके हैं। कुछ ही देर में परीक्षा शुरू होगी जो शाम तक जारी रहेगी। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) इस विशेष परीक्षा पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। प्रश्न पत्र की सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ, स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल तैनात किया गया है।
किसी भी प्रकार की लापरवाही रोकने के लिए एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन, पारुल चौधरी, रघुनंदन चतुर्वेदी, आशुतोष गुप्ता और स्थानीय प्रशासन मुस्तैद है। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा है। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया, सीएसपी एच.आर. पांडे, टीआई कोतवाली मनीष कुमार व्यवस्था संभाल रहे हैं। उत्कृष्ट विद्यालय में एम.के. जगेत, पीजी कॉलेज में अमित मिश्रा और केंद्रीय विद्यालय में अंजलि अग्निहोत्री कमान संभाल रही हैं। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। साथ ही यातायात पुलिस व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहे, इसके लिए यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को बल के साथ मौजूद हैं।
