ब्रसेल्स, 02 नवंबर (वार्ता) बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने बजट पर रातभर चली वार्ता विफल होने के बाद सोमवार सुबह राजा फिलिप के समक्ष अपनी सरकार का इस्तीफा पेश किया। राजा फिलिप से मुलाकात के बाद श्री डी वेवर करीब डेढ़ घंटे में महल से बाहर निकले, लेकिन उन्होंने पत्रकारों से कोई बात नहीं की। बैठक के बाद राजा ने घोषणा की कि वह “अपने फैसले पर विचार कर रहे हैं और मंगलवार से गठबंधन में शामिल विभिन्न दलों के अध्यक्षों से परामर्श करेंगे।”
उन्होंने कहा कि समझौता नहीं हो पाने पर उन्हें खेद है और देश लंबे समय तक राजनीतिक संकट झेलने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने सभी संबंधित दलों से “राष्ट्रीय हित और समझौते की भावना को प्राथमिकता देने” की अपील की। श्री डी वेवर शुक्रवार को एक बार फिर राजा से मुलाकात करेंगे।
विदेश मंत्री मैक्सिम प्रेवो के अनुसार, वार्ता में ‘असहमति के बहुत अधिक बिंदु’ थे। उन्होंने बेल्जियम के मीडिया से कहा, “अगर मैं असहमति के सभी बिंदुओं को गिनाने लगूं, तो इसमें अनंत समय लग जाएगा।” यूरोपीय संघ की व्यय सीमा के भीतर रहने के लिए सरकार को 10 अरब यूरो की बचत करनी है। पिछले वर्ष बजट घाटा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का पांच प्रतिशत था, जबकि यूरोपीय नियमों के तहत इसकी अधिकतम सीमा तीन प्रतिशत है। बेल्जियम का राष्ट्रीय ऋण 735 अरब यूरो से अधिक है, जो देश के जीडीपी के 110 प्रतिशत से भी ज्यादा है, जबकि निर्धारित सीमा 60 प्रतिशत है।
समझौता नहीं होने के कारण सरकारी बॉन्ड पर ब्याज दरें बढ़ गई हैं और बेल्जियम को अपने ऋण दायित्वों को पूरा करने के लिए अधिक भुगतान करना पड़ रहा है। यदि राजा श्री डी वेवर का इस्तीफा स्वीकार कर लेते हैं, तो नए चुनाव कराए जाएंगे। बेल्जियम की गठबंधन सरकार में श्री डी वेवर की कंजरवेटिव पार्टी एन-वीए, उदारवादी पार्टी एमआर, मध्यमार्गी पार्टी लेस एंगेजेस, सोशलिस्ट पार्टी वूरुइट और क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक पार्टी सीडीएंडवी शामिल हैं।
इन तथाकथित ‘एरिजोना’ दलों के बीच 234 दिनों की लंबी बातचीत के बाद गठबंधन समझौता हुआ था। रविवार को हुई बजट वार्ता से स्पष्ट हुआ कि गठबंधन में एन-वीए और एमआर एक ओर तथा वूरुइट, सीडीएंडवी और लेस एंगेजेस दूसरी ओर हैं। मध्यमार्गी और समाजवादी दल चाहते हैं कि एक से डेढ़ अरब यूरो की बचत उच्च आय वाले लोगों पर कर लगाकर की जाए, जबकि कंजरवेटिव दल सरकारी खर्च में कटौती के पक्ष में हैं। उप प्रधानमंत्री डेविड क्लैरिनवल ने वार्ता विफल होने के लिए समाजवादी पार्टी वूरुइट को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि पार्टी अधिक कर लगाने की अपनी मांग पर अड़ी रही। बजट वार्ता को लेकर ‘एरिजोना’ गठबंधन में आंतरिक तनाव का यह पहला मामला नहीं है। पिछले वर्ष भी 10 अरब यूरो की बचत के उपायों पर बातचीत बेनतीजा रहने के बाद श्री डी वेवर ने राजा से मुलाकात की थी। नवंबर 2025 की शुरुआत में श्री डी वेवर ने इस्तीफा नहीं दिया था, बल्कि राजा से समय-सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था। इसके बाद उन्हें समझौते पर पहुंचने के लिए 50 अतिरिक्त दिन दिए गए थे।

