वाशिंगटन, 12 मार्च (वार्ता) दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में बहुत ज़्यादा उतार-चढ़ाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि उनकी ”ज़्यादा दिलचस्पी” ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकने में है।
श्री ट्रंप ने कहा, “अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक है, इसलिए जब तेल की कीमतें बढ़ती हैं, तो हम बहुत पैसा कमाते हैं। लेकिन राष्ट्रपति के तौर पर मेरे लिए ज़्यादा दिलचस्पी और अहमियत ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना, और पश्चिम एशिया एवं दुनिया को बर्बाद करने से रोकना है। मैं ऐसा कभी नहीं होने दूंगा!”
उल्लेखनीय है कि कच्चे तेल की कीमतों में बहुत ज़्यादा उतार-चढ़ाव हो रहा है। कभी-कभी ये कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के निशान को पार कर जाती हैं। वैश्विक बाजार अभी उस स्थिति का सामना कर रहा है जिसे अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (आईईए) ने “इतिहास की सबसे बड़ी आपूर्ति रुकावट” बताया है।
