रिटायर्ड रेलकर्मियों पर साइबर ठगों की नजर: फर्जी फोन कॉल्स से बचने के लिए भोपाल मंडल ने दिए सुरक्षा टिप्स

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने रेलकर्मियों एवं पेंशनर्स के लिए फर्जी फोन कॉल से सतर्क रहने संबंधी महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। जारी परामर्श में बताया गया है कि हाल ही में कुछ अज्ञात व्यक्ति रेल अधिकारियों का नाम लेकर सेवानिवृत्त एवं सेवानिवृत्ति के निकट कर्मचारियों को फोन कर बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी, पिन और अन्य गोपनीय जानकारी मांग रहे हैं, जो कि धोखाधड़ी का प्रयास है।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे का कोई भी अधिकारी या विभाग फोन पर किसी भी प्रकार की बैंकिंग गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पिन या पासवर्ड नहीं मांगता है। इस प्रकार की कॉल पूरी तरह फर्जी हैं। एडवाइजरी में कर्मचारियों से कहा गया है कि वे फोन पर ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक विवरण साझा न करें, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और संदिग्ध कॉल करने वाले के दबाव में न आएं।

रेल प्रशासन से साथ ही सलाह दी गई है कि किसी भी सूचना की पुष्टि संबंधित कार्यालय या बैंक शाखा में व्यक्तिगत रूप से करें तथा संदिग्ध कॉल या संदेश की तत्काल सूचना दें। अपने परिजनों और सहकर्मियों को भी इस संबंध में जागरूक करने की अपील की गई है। रेल प्रशासन ने कहा है कि साइबर अपराध से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की आशंका होने पर राष्ट्रीय साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने या निकटतम रेलवे कार्यालय को सूचित करने की सलाह दी गई है।

Next Post

आष्टी पंचायत में धांधली, शिकायतकर्ता का आरोप बिना बताए हुई जांच

Tue Mar 17 , 2026
बैतूल। जनपद पंचायत आठनेर अंतर्गत ग्राम पंचायत आष्टी में मनरेगा के तहत किए गए निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता विशाल भालेकर ने जनपद पंचायत आठनेर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। […]

You May Like