
बैतूल। जनपद पंचायत आठनेर अंतर्गत ग्राम पंचायत आष्टी में मनरेगा के तहत किए गए निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं।
शिकायतकर्ता विशाल भालेकर ने जनपद पंचायत आठनेर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, मनरेगा योजना के तहत एक ही परिवार के सदस्यों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ दिया गया, जो नियमों के विपरीत है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि जांच प्रक्रिया पारदर्शी नहीं रही और शिकायतकर्ता को सूचना दिए बिना ही 25 जुलाई 2025 को जांच दल ग्राम पंचायत आष्टी पहुंचकर औपचारिकता पूरी कर लौटा।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि सुरेश नामक व्यक्ति के खेत के पास लगभग पांच लाख रुपये की लागत से निर्मित अर्धन डेम पहली ही बारिश में बह गया, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बावजूद इसके, संबंधित अधिकारियों ने दस्तावेजों में इस कार्य को पूर्ण दर्शा दिया।
फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
