मध्य भारत में तेजी से बढ़ रहा संघ कार्य, 2481 स्थानों पर 3842 शाखाएं संचालित

भोपाल। हरियाणा के पट्टीकल्याणा (समालखा) में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार मध्य भारत प्रांत में संघ कार्य तेजी से विस्तार कर रहा है। वर्तमान में प्रांत के 2481 स्थानों पर कुल 3842 शाखाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें महानगरों के 37 स्थानों पर 544 और ग्रामीण क्षेत्रों के 2444 स्थानों पर 3298 शाखाएं शामिल हैं। इसके अलावा 689 स्थानों पर 736 साप्ताहिक मिलन भी आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रतिवेदन के अनुसार शाखाओं के माध्यम से 271 सेवा उपक्रम संचालित हो रहे हैं। संघ द्वारा चिन्हित 1013 सेवा बस्तियों में से 367 में शाखाएं चल रही हैं, जबकि 970 बस्तियों में सेवा कार्य और 611 बस्तियों में स्वयंसेवकों का नियमित संपर्क बना हुआ है।

संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में समाज की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। प्रांत में 2124 स्थानों पर विजयादशमी उत्सव आयोजित हुए, जिनमें 2.80 लाख से अधिक स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया। वहीं 1818 स्थानों पर निकले पथ संचलनों में 2.73 लाख स्वयंसेवक शामिल हुए।

इसके अतिरिक्त 20 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 के बीच 1569 हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया गया, जिनमें 52 लाख से अधिक नागरिकों ने सहभागिता की। शताब्दी वर्ष के अंतर्गत गृह संपर्क अभियान में लगभग 80 हजार स्वयंसेवकों ने 27 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंचकर संवाद स्थापित किया।

संघ कार्यकर्ताओं द्वारा नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, गौसंरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर भी विभिन्न सामाजिक अभियान चलाए जा रहे हैं।

Next Post

विमानन नीति-2025 से मप्र में हो रहा हवाई सेवाओं का निरंतर विस्तार : सीएम डॉ यादव

Tue Mar 17 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश विमानन नीति 2025 लागू कर देश में हवाई सेवाओं के विस्तार का कार्य व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। नीति के अंतर्गत ही रीवा से रायपुर की विमान सेवा प्रारंभ हो रही है। यही नहीं जबलपुर से कोलकाता और […]

You May Like