भावनगर, 07 अप्रैल (वार्ता) पश्चिम रेलवे में गुजरात के भावनगर मंडल के लोको पायलटों की सतर्कता से सोमवार को दो शेरों को ट्रेन की चपेट में आने से बचाया गया।
मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया की आज पायलट चन्दन कुमार, मुख्यालय-जूनागढ़ एवं वरिष्ठ सहायक लोको पायलट रठौर केतन, मुख्यालय-जूनागढ़ ने विसावदर-कांसियानेश सेक्शन में किमी सं. 107/0-107/01 के बीच दो शेरों को रेलवे ट्रैक पर चलता हुआ देखकर तुरन्त गाड़ी संख्या 52946 अमरेली-वेरावल पैसेन्जर ट्रेन को इमरजेन्सी ब्रेक लगाकर रोक लिया। लोको पायलट द्वारा ट्रेन मैनेजर (गार्ड) को सूचित किया गया। फॉरेस्ट ट्रैकर राणा भाई द्वारा ट्रैक को क्लीयर करवाया गया। तत्पश्चात सभी स्थिती नॉर्मल पाये जाने पर फॉरेस्ट गार्ड/ ट्रैकर द्वारा लोको पायलट को प्रस्थान करने को कहा गया। उसके बाद लोको पायलट द्वारा सावधानी पूर्वक ट्रेन को गंतव्य की ओर ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि भावनगर रेलवे मंडल द्वारा शेरों (सिहों)/ वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। मंडल के निर्देशानुसार ट्रेनों का संचालन करने वाले लोको पायलट निर्धारित गति का पालन करते हुए विशेष सतर्कता के साथ कार्य कर रहे हैं। भावनगर रेलवे मंडल के लोको पायलटों की सतर्कता एवं वन विभाग के फॉरेस्ट ट्रैकरों की मदद से पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में कुल 159 सिंहों की जान बचाई जा चुकी है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह पहली घटना है।
सूचना प्राप्त होने पर लोको पायलटों के इस सराहनीय कार्य के लिए मंडल रेल प्रबंधक रवीश कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक हिमांशु शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा प्रशंसा की गयी।
