
नयी दिल्ली 28 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को सेशेल्स की स्वर्ण जयंती राष्ट्रीय दिवस समारोह के दौरान मॉरीशस के प्रधानमंत्री डॉ. नवीनचंद्र रामगुलाम से मुलाकात की। नवंबर 2024 में श्री रामगुलाम के पदभार संभालने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह चौथी बैठक थी।
बैठक में भारत और मॉरीशस के बीच द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई। दोनों नेताओं ने भारत द्वारा दिए गए विशेष आर्थिक पैकेज के क्रियान्वयन की प्रगति पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत, मॉरीशस के विकास और प्रगति को विशेष महत्व देता है तथा स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, सतत विकास और ब्लू इकोनॉमी से जुड़े द्विपक्षीय परियोजनाएं मॉरीशस के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत के ‘महासागर’ विजन और ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत भारत-मॉरीशस की उन्नत रणनीतिक साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही, उन्होंने ग्लोबल साउथ के हितों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक में दोनों नेताओं ने हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता, समृद्धि और साझा विकास के लिए आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
