संत कबीर मानवता के मार्गदर्शक और सामाजिक जागृति के अगुआ-नायब सैनी

चंडीगढ़, 28 जून (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत कबीर मानवता के महानतम मार्गदर्शकों, सामाजिक चेतना के अग्रदूत और असाधारण संत थे। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, भाईचारे और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने लोगों से संत कबीर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया है।

मुख्यमंत्री अपने आधिकारिक आवास ‘संत कबीर कुटीर’ में आयोजित संत कबीर जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने घोषणा की कि अगले वर्ष संत कबीर जयंती का राज्य स्तरीय समारोह भिवानी में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर पद्मश्री प्रहलाद सिंह तिपानिया ने कबीर वाणी की प्रस्तुति दी।

श्री सैनी ने कहा कि संत कबीर ने अंधविश्वास, जातिगत भेदभाव और सामाजिक कुरीतियों का विरोध करते हुए समानता, मानवता और सर्वधर्म समभाव का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की सभी योजनाएं “हरियाणा एक, हरियाणवी एक” की भावना से प्रेरित हैं और संत-महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना के माध्यम से संतों के विचारों का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि महान संत के सम्मान में उनके आधिकारिक आवास का नाम ‘संत कबीर कुटीर’ रखा गया है, जो जनसेवा, पारदर्शिता और लोककल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में युवाओं को संत कबीर की शिक्षाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि संत कबीर का ज्ञान पुस्तकों से नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों से प्राप्त हुआ था। उन्होंने पाखंड का विरोध कर सादगी, करुणा और मानवीय मूल्यों पर आधारित जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

Next Post

देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान 12 वर्षीय बालक की मौत

Sun Jun 28 , 2026
सिंगरौली/देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर में उपचार के दौरान 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय राज सिंह गोड 12 वर्ष पिता विजय राज सिंह गोड, निवासी ग्राम घुरिहा टोला, ग्राम पंचायत खधौली, जनपद पंचायत देवसर, जिला सिंगरौली के रूप में हुई है।   प्राप्त जानकारी […]

You May Like