अहमदाबाद। गुजरात के साबरमती में रेलवे से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं को गति मिली है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को विभिन्न रेल परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं में रेल सुरक्षा, माल परिवहन, सिग्नलिंग, पर्यावरण संरक्षण और रेल नेटवर्क के विस्तार से जुड़े काम शामिल हैं।
भारत की पहली LNG संचालित ट्रेन शुरू
कार्यक्रम के दौरान भारत की पहली LNG संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाई गई। रेलवे में LNG जैसी वैकल्पिक ऊर्जा तकनीक के इस्तेमाल को पर्यावरण-अनुकूल परिवहन की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।
700 करोड़ का WAG-12 मेंटेनेंस शेड
साबरमती में करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार WAG-12 लोकोमोटिव मेंटेनेंस शेड का भी लोकार्पण किया गया। WAG-12 उच्च क्षमता वाला इलेक्ट्रिक माल इंजन है, जिसकी ट्विन-सेक्शन क्षमता 12,000 हॉर्सपावर बताई गई है। इसकी मदद से लंबी और भारी मालगाड़ियों के संचालन को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
122.57 किमी रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग
साबरमती-साणंद-जखवाड़ा और साबरमती-कलोल-भांडू मोटीदाऊ रेलखंड पर कुल 122.57 किलोमीटर में ऑटोमेटिक ब्लॉक सिग्नलिंग सिस्टम का लोकार्पण किया गया। इस तकनीक से ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी बनाए रखने के साथ रेलखंड की परिचालन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
404 किमी में कवच प्रणाली का काम
अहमदाबाद-पालनपुर और अहमदाबाद-सामाखियाली रेलखंड पर कुल 404 किलोमीटर में स्वदेशी ‘कवच’ प्रणाली के काम का शिलान्यास किया गया। रेलवे के मुताबिक, अहमदाबाद मंडल में इस परियोजना पर करीब 411 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें अहमदाबाद-पालनपुर का 157 किलोमीटर और अहमदाबाद-सामाखियाली का 247 किलोमीटर हिस्सा शामिल है।
साबरमती-सरखेज रेल लाइन होगी डबल
कार्यक्रम में साबरमती-सरखेज रेल लाइन के दोहरीकरण की आधारशिला भी रखी गई। इससे इस क्षेत्र में बढ़ती यात्री और माल परिवहन जरूरतों को पूरा करने के लिए रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के विद्युतीकरण पर भी जोर
अमित शाह ने रेलवे में हुए तकनीकी बदलावों और विद्युतीकरण की प्रगति का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, भारतीय रेलवे के करीब 99.6 प्रतिशत नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है। उन्होंने कहा कि रेलवे में डीजल की खपत कम करने और वर्ष 2030 तक डीजल की खपत शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है।
गुजरात में रेलवे के बजट का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले के पांच वर्षों में राज्य के लिए रेलवे बजट करीब 589 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2026-27 में बढ़कर 17,366 करोड़ रुपये हो गया है।
कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी, जनप्रतिनिधि और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
