
नीमच। रतनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम नारदा में उस समय हडक़ंप मच गया, जब खेत की मेड़ पर घनी और कंटीली झाडिय़ों के बीच करीब 8 फीट लंबा अजगर फंसा हुआ दिखाई दिया। अजगर नजर आते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घनी झाडिय़ों के बीच अजगर के फंसे होने के कारण उसका रेस्क्यू करना वन विभाग की टीम के लिए भी चुनौतीपूर्ण रहा।
ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर झाडिय़ां इतनी घनी और कंटीली थीं कि टीम के लिए सीधे अंदर पहुंचना मुश्किल था। ऐसे में रेस्क्यू अभियान के लिए जेसीबी की मदद से झाडिय़ों को हटाकर रास्ता बनाया गया।
इसके बाद डिप्टी रेंजर बापुलाल दायमा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से झाडिय़ों से बाहर निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान को देखते रहे।
अजगर को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद वन विभाग की टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। अजगर स्वस्थ पाए जाने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।
अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं वन विभाग की टीम की तत्परता और सावधानीपूर्वक किए गए रेस्क्यू अभियान की ग्रामीणों ने सराहना की।
