
नीमच। मालखेड़ा फोर लाइन हाइवे बाईपास चौराहे पर रविवार रात को एक गंभीर सडक़ हादसा हुआ। स्पीड ब्रेकर की अधिक ऊंचाई के कारण एक कार के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही दो कारें उससे टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गाडिय़ों के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में रावतभाटा निवासी 28 वर्षीय योगेश सोनी और उदयपुर निवासी 26 वर्षीय क्रांति यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस द्वारा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। स्थानीय निवासी कुंदन पाटीदार ने बताया कि चौराहे पर स्पीड ब्रेकर की असामान्य ऊंचाई लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।
वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाने को मजबूर होते हैं, जिससे पीछे से आने वाली गाडिय़ां टकरा जाती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर को या तो हटाने या फिर इसकी ऊंचाई कम करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंचे, जहां घायलों का इलाज चल रहा है।
