
नीमच। एक 70 वर्षीय बुजुर्ग का शव खेजड़े के पेड़ पर लटका मिला। रविवार शाम को सिटी थाना क्षेत्र के चंपी रोड स्थित मालवा वेयर हाउस के पीछे स्थित खेत में यह शव मिला, जो काफी दिनों से वहां लटका हुआ था।
पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान उदयसिंह (70) के रूप में हुई, जो एक फार्म हाउस में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे। पुलिस ने बताया है कि शव लगभग 4-5 दिन पुराना था और क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। मृतक के पास से मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन से उनकी पहचान की गई।
बेटे की भी हुई थी सडक़ हादसे में मौत
सिटी थाना पुलिस के उप निरीक्षक कन्हैयालाल सोलंकी और आरक्षक मोहिद नूर ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और शव को नीचे उतारा। मृतक का परिवार छायन गांव में रहता है, जबकि वह फार्म हाउस पर ही रहते थे। कुछ वर्ष पूर्व उनके बेटे की सडक़ दुर्घटना में मौत हो चुकी थी और उनका पोता मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा है।
सोमवार दोपहर को जिला चिकित्सालय में परिजनों की उपस्थिति में शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की आर्थिक स्थिति कमजोर थी और वह घर पर बहुत कम आते-जाते थे, जिस कारण परिवार को उनकी गुमशुदगी का पता भी नहीं चला।
