बर्दवान, (वार्ता) पश्चिम बंगाल में बर्दवान दक्षिण के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक खोकोन दास को मंगलवार को छह दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
दास को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किए जाने के दो दिन बाद आज यहां मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने उनकी दस दिनों की हिरासत मांगी थी।
पुलिस का आरोप है कि पिछले साल 08 जून को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान दास ने कंचन नगर में भाजपा नेता असित हाजरा के आवास पर हुए हमले का नेतृत्व किया था। यह भी आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट भी की गयी थी। बाद में जब हाजरा इलाज के लिए बर्दवान मेडिकल कॉलेज गए, तो कथित तौर पर दास और उनके साथियों ने उन पर फिर से हमला किया और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
बर्दवान थाने से अदालत ले जाते समय जब कर्जन गेट के पास ट्रैफिक रुका, तो वहां से गुजर रहे लोगों ने ‘चोर-चोर’ के नारे लगाकर दास का मजाक उड़ाया। लोगों के गुस्से से बचाने के लिए, पुलिस ने उनके सिर पर हेलमेट पहना दिया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अदालत परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस बीच कालना के पूर्व विधायक देबप्रसाद बाग को भी कालना अदालत में पेश किया गया और उन्हें 10 दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। राहत सामग्री से जुड़े एक अलग मामले में तृणमूल कांग्रेस के कालना-2 ब्लॉक अध्यक्ष प्रणब रॉय को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार देर रात पुलिस बाग के घर पहुँची। पुलिस बाग के बंद घर के बाहर घंटों इंतजार करती रही। आरोप है कि पूर्व विधायक घर के अंदर होने के बावजूद दरवाजा खोलने से मना करते रहे। रॉय को भी घटनास्थल पर लाया गया। इस घटना को देखने के लिए सैकड़ों स्थानीय लोग जमा हो गए और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने लगे, जिसके कारण वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
