बेगूसराय 07 अप्रैल (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बिहार के युवाओं को रोजगार मुहैया कराने में नीतीश सरकार की विफलताओं को उजागर करने और आजीविका की तलाश में होने वाले पलायन पर रोक लगाने के उद्देश्य से जारी ‘पलायन रोको नौकरी दो’ पदयात्रा में आज बेगूसराय में शामिल हुए।
नई दिल्ली से पटना हवाईअड्डा पहुंचने के तुरंत बाद श्री गांधी ‘पलायन रोको नौकरी दो’ में हिस्सा लेने के लिए बेगूसराय के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बेगूसराय में पद यात्रा में हिस्सा लिया, जिसमें हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता खासकर युवा और वरिष्ठ नेता उनके साथ थे।
बताया जा रहा है कि श्री गांधी का बेगूसराय में 11 बजे से लेकर 11:45 बजे तक कार्यक्रम निर्धारित था। उन्हें पदयात्रा में शामिल होने के साथ ही नुक्कड़ सभा को भी संबोधित करना था लेकिन वह निर्धारित समय से करीब चार मिनट पहले ही 11.41 बजे पटना के लिए रवाना हो गए। टाउनशिप द्वार के पास होने वाली नुक्कड सभा क्यों रद्द की गई, इसकी वजह सामने नहीं आ पाई है।
श्री गांधी की बेगूसराय में पदयात्रा महज 24 मिनट में खत्म हो गई। वे कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की ‘पलायन रोको और नौकरी दो’ यात्रा में एक किलोमीटर ही पैदल चले। श्री गांधी का चार महीने में बिहार का यह तीसरा दौरा है।
