
बड़वानी। स्पीक मैके संस्था नई दिल्ली द्वारा संपूर्ण भारत वर्ष के साथ-साथ विदेशों में भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य, गायन, वादन, लोक कलाओं का प्रचार-प्रसार 1977 से किया जा रहा है। इसके लिए देश के चुनिंदा दूरदर्शन से मान्यता प्राप्त कलाकारों की प्रस्तुति से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति के प्रति प्रेरित किया जाता है। जिला संयोजक अनिल जोशी ने बताया कि 8 से 13 सितंबर तक जिले में कोलकाता की मणिपुरी नृत्य की प्रमुख कलाकार इवाना सरकार कार्यशाला के लिए आ रही हैं। मणिपुरी नृत्य की जिले में पहली बार प्रस्तुति होने जा रही है। संस्कृति प्रेमी श्रोताओं के लिए 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से शहीद भीमा नायक महाविद्यालय सभागृह में कॅरियर सेल के माध्यम से विशेष प्रस्तुति रखी गई है। नृत्य कला प्रदर्शन से बड़वानी जिले के विद्यार्थियों को शास्त्रीय नृत्य सीखने और जानने की जिज्ञासा बढ़ेगी।
