जीएसटी सुधार से खपत 10 प्रतिशत भी बढ़ा तो 20 लाख करोड़ का बढ़ेगा उत्पादन: वैष्णव

नयी दिल्ली, 06 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में आगामी 22 सितंबर से करों में मिलने वाली छूट के कारण यदि खपत 10 प्रतिशत भी बढ़ती है तो इससे उत्पादन 20 लाख करोड़ रुपये बढ़ेगा जिससे अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

श्री वैष्णव ने यहां भाजपा मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता में कहा “सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में खपत लगभग 202 लाख करोड़ रुपये है और अगर जीएसटी सुधार से खपत में केवल 10 प्रतिशत वृद्धि होती है, तो अतिरिक्त 20 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन होगा और रोजगार बढ़ेगा। बचत, निवेश और खपत, तीनों के जरिए परिवारों में खुशियां बढ़ेंगी और देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।”

उन्होंने कहा कि पहले आयकर में बड़ा सुधार करके 12 लाख रुपये तक की आय पर मध्यमवर्गीय परिवारों को राहत दी गई और अब जीएसटी में व्यापक सुधार करके मोदी सरकार ने मध्यम वर्गीय परिवारों को एक और बड़ी राहत तथा तोहफा दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले करों का ऐसा जाल था, जिसमें हर वस्तु पर अलग-अलग कर लगते थे और इसका भारी बोझ आम आदमी और खासकर मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ता था। जीएसटी आने से कर प्रणाली सरल हुई है। लगातार छह-सात साल की अनुभव और स्थिरता के बाद जीएसटी दरों को युक्तिसंगत, तार्किक तथा और सरल बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि आज हर मध्यम वर्गीय परिवार के घर में अनेक तरह के इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण उपयोग में आते हैं – चाहे टेलीविजन हो, रेफ्रिजरेटर, डिशवॉशर, माइक्रोवेव ओवन, हाथ में रखा मोबाइल फोन हो या पावर बैंक। इसी तरह घरों में लगने वाले सोलर पैनल तक, सब पर टैक्स का बोझ पहले की तुलना में कम हुआ है।

करों में कटौती की जीएसटी परिषद् का फैसला 22 सितंबर से लागू होगा। इसमें अन्य उत्पादों के साथ रोटी, कपड़ा और मकान सस्ते किये गये हैं। रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तु पर कर घटा है।

श्री वैष्णव ने कहा कि देश का जीडीपी लगभग 330 लाख करोड़ रुपये है, जिसमें से करीब 202 लाख करोड़ रुपये का हिस्सा उपभोग का है। यदि जीएसटी में मिली इस छूट के बाद खपत में केवल 10 प्रतिशत वृद्धि होती है, तो देश में अतिरिक्त 20 लाख करोड़ रुपये की खपत होगी। उन्होंने कहा, “यह अतिरिक्त खपत अपने-आप में अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे उत्पादन बढ़ता है और स्वाभाविक रूप से रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।”

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यमवर्गीय परिवार जीएसटी घटाने से बचे पैसे का इस्तेमाल खपत, निवेश या बचत में करेगा। तीनों ही स्थितियों में देश की अर्थव्यवस्था को लाभ होगा।

Next Post

हरियाणा और पश्चिम बंगाल का दबदबा, गुजरात ने भी दर्ज की जीत

Sat Sep 6 , 2025
बेंगलुरु, 06 सितंबर (वार्ता) 64वां सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल टूर्नामेंट के सब-जूनियर ब्वायज (अंडर-15) वर्ग के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबलों की भरमार रही। दिन में जहां हरियाणा और पश्चिम बंगाल ने बड़े अंतर से जीत हासिल कर दबदबा बनाया, वहीं गुजरात ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ […]

You May Like