
छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र के रोरा गांव के पास सोमवार सुबह करीब 5 बजे श्रद्धालुओं से भरी एक टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में टैक्सी में सवार करीब एक दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। सभी श्रद्धालु जटाशंकर धाम में भगवान शिव के दर्शन कर अपने गांव मोराहा लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार टैक्सी में कुल 13 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने 9 घायलों को भर्ती कर लिया, जबकि 4 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में प्रियंका पटेल (8), बबली यादव (34), रामबाई पटेल (45), कमलेश पाठक (48), दसोदा सेन (45), हरबाई पटेल (40), लड्डू पटेल (40), मायारानी पटेल (65) और तिसिया पटेल (70) शामिल हैं। सभी घायल सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम मोराहा के निवासी बताए गए हैं।
अस्पताल में भर्ती सभी घायलों का उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
