भोपाल: प्रदेश में प्रशासनिक सख्ती का बड़ा संदेश देते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज सीधी के आकस्मिक भ्रमण का व्यापक असर देखने को मिला है। निरीक्षण के दौरान सामने आई लापरवाहियों और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीधी कलेक्टर को हटाने का निर्णय लिया है। वहीं, गुना जिले में सिवनी जैसा हवाला कांड सामने आने बाद गुना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पर भी कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही एक महाप्रबंधक को निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने अचानक दौरे के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। इस दौरान आम जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई मामलों में प्रशासनिक उदासीनता, शिकायतों के निराकरण में देरी और कार्यों में लापरवाही सामने आई, जिस पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई।सीधी जिले में जनसमस्याओं के समाधान में अपेक्षित गंभीरता नहीं मिलने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली संतोषजनक न पाए जाने के चलते कलेक्टर को हटाया गया है।
