रक्षाबंधन की भीड़ में बस वालों की मनमानी पर चला डंडा

इंदौर: रक्षाबंधन पर घर पहुंचने की जल्दी में यात्रियों की भीड़ बढ़ी तो बस संचालकों की मनमानी पर परिवहन विभाग ने भी शिकंजा कस दिया. बुधवार को रेडिसन चौराहा और स्टार चौराहा रोड पर यात्री बसों की जांच के दौरान कहीं क्षमता से ज्यादा सवारियां मिलीं तो कहीं जरूरी दस्तावेजों में गड़बड़ी सामने आई. कार्रवाई के दौरान 1.24 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया और दो बसों को जब्त किया गया।

क्षेत्रिय परिवहन विभाग के अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि त्योहार के चलते बसों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने अचानक जांच अभियान चलाया. जांच का फोकस सिर्फ बसों के कागजों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और उनसे लिए जा रहे किराए पर भी नजर रखी गई.

बिना परमिट दौड़ रही थी बस, मौके पर जब्त
जांच के दौरान बीआर06 -पीएच- 1195 नंबर की बस बिना वैध परमिट के चलती मिली. अधिकारियों ने बस को मौके पर ही जब्त कर लिया. इसी दौरान एक अन्य बस भी बिना पंजीयन के संचालित मिली. उसे भी जब्ती की कार्रवाई का सामना करना पड़ा. अधिकारियों ने बसों में यात्रियों की संख्या भी जांची. क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर संचालकों को चेतावनी दी गई कि त्योहार की भीड़ का फायदा उठाकर बसों में ओवरलोडिंग न करें. विभाग ने निर्धारित क्षमता से ज्यादा यात्रियों को बैठाने पर कार्रवाई की बात कही है.

किराया बढ़ाया तो भी कार्रवाई
रक्षाबंधन के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ बस किराए को लेकर भी परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाई. बस संचालकों को निर्धारित किराए से अधिक राशि नहीं वसूलने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग की नजर खास तौर पर उन बसों पर है, जो त्योहार की भीड़ में यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर अतिरिक्त किराया वसूलती हैं.

बस में फायर सिलेंडर से लेकर फर्स्ट एड बॉक्स तक देखा
जांच के दौरान बसों में अग्निशामक यंत्र, प्राथमिक उपचार पेटी और अन्य सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी देखी गई. परिवहन विभाग ने संचालकों को सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं.

त्योहार के दौरान जारी रहेगा अभियान
रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के कारण परिवहन विभाग ने जांच अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है. अधिकारियों का कहना है कि ओवरलोडिंग, अधिक किराया, बिना परमिट, बिना पंजीयन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी. त्योहार की भीड़ में यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वाले बस संचालकों के खिलाफ अब सड़क पर ही कार्रवाई होती नजर आएगी

Next Post

​सागर की डॉ शिवानी मीना को तुर्किये में मिला अंतरराष्ट्रीय बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवॉर्ड

Thu Aug 27 , 2026
सागर। अंतरराष्ट्रीय भौगोलिक संघ (IGU) का क्षेत्रीय सम्मेलन 2026 तुर्किये के इस्तांबुल स्थित इस्तांबुल विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया। यह एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सम्मेलन था, जिसमें लगभग 65 देशों से 1400 से अधिक भूगोलवेत्ताओं, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। सम्मेलन में भूगोल के समकालीन विषयों, वैश्विक […]

You May Like

Play sound