तेहरान 20 जुलाई (वार्ता) ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दक्षिणी जॉर्डन के अकाबा हवाईअड्डे पर अमेरिकी विमानों पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमले किए है।
प्रेस टीवी ने यह रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया गया कि इन हमलों में अमेरिकी सी-17 और पी-8 विमानों को निशाना बनाया गया।
इससे पहले, जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसने अम्मान में ईरान के राजदूत दाऊद कलंतारी को तलब किया और जॉर्डन के इलाके में हो रहे हमलों के बारे में विरोध पत्र सौंपा।
बयान में कहा गया, “मंत्रालय ने राजदूत से कहा कि वे अपने देश को स्पष्ट संदेश पहुंचाएं कि वे किंगडम (जॉर्डन) पर हमले तुरंत बंद करें।”
मंत्रालय ने कहा कि जॉर्डन की सुरक्षा और उसके नागरिकों की हिफ़ाज़त एक अति-संवेदनशील सीमा है जिसे पार नहीं किया जा सकता। साथ ही, मंत्रालय ने ईरान की ओर से दिए जा रहे अस्वीकार्य और भड़काऊ बयानों को रोकने की ज़रूरत पर ज़ोर दिया।
मंत्रालय ने ईरानी हमलों को जॉर्डन की संप्रभुता का “खुला उल्लंघन” और अंतरराष्ट्रीय कानून व संयुक्त राष्ट्र चार्टर का “साफ़ उल्लंघन” बताया। उसने खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) देशों के खिलाफ ईरान के हमलों की भी निंदा की और उनके साथ जॉर्डन की पूरी एकजुटता ज़ाहिर की।
जॉर्डन के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि जॉर्डन पर ईरान की ओर से रोज़ाना मिसाइल हमले हो रहे हैं। अब तक, वायु रक्षा प्रणाली ने इन हमलों को सफलतापूर्वक नाकाम किया है।
मंत्रालय ने बताया कि रविवार को चार में से तीन मिसाइलों को मार गिराया गया, जबकि आखिरी मिसाइल आबादी वाले इलाकों के बाहर गिरी।
