एमेच्योर अरिन आहूजा ने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालीफाइंग स्कूल जीता

अहमदाबाद, 23 अक्टूबर (वार्ता) बाईस वर्षीय भारतीय एमेच्योर अरिन आहूजा ने अहमदाबाद के केन्सविले गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले गए ‘फाइनल क्वालीफाइंग स्टेज’ के चौथे और आखिरी राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘ईवन-पार 72’ का स्कोर बनाया और एक शॉट के अंतर से डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालीफाइंग स्कूल 2026-27 जीत लिया।

नोएडा के रहने वाले अरिन (70-73-70-72) ने पहली बार डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालीफाइंग स्कूल में हिस्सा लिया और पूरे हफ्ते में कुल ‘थ्री-अंडर 285’ का स्कोर बनाया।

भारत के वेदांत सिरोही (71-71-73-71) और बंगलादेश के मोहम्मद सिद्दीकुर रहमान (69-73-71-73) कुल ‘टू-अंडर 286′ के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से रनर-अप रहे।

आखिरी राउंड में कट ’15-ओवर 203’ पर रहा, और शीर्ष 48 खिलाड़ियों ने 2026-27 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई सीज़न के लिए अपने फुल कार्ड हासिल किए। इन शीर्ष 48 खिलाड़ियों में चार एमेच्योर शामिल थे। फुल कार्ड हासिल करने वाले 48 खिलाड़ियों में पांच विदेशी खिलाड़ी (चार बंगलादेशी और एक श्रीलंकाई) भी शामिल रहे।

जूनियर स्तर पर एक खिताब जीत चुके और 2024 में एमेच्योर सर्किट पर भारत के नंबर 2 खिलाड़ी रहे अरिन आहूजा ने चौथे राउंड में शुरुआती मुश्किलों के बाद शानदार वापसी की।

चौथे दिन की शुरुआत में अरिन, जो उससे पहले दूसरे स्थान पर थे और लीड से सिर्फ एक शॉट पीछे थे, को अपने ‘आयरन’ (गोल्फ क्लब) के साथ संघर्ष करना पड़ा। इस दौरान वे कुछ ‘ग्रीन्स’ (लक्ष्य क्षेत्र) तक नहीं पहुँच पाए और शुरुआती पांच होल्स में तीन ‘बोगी’ (एक होल को पार करने में तय संख्या से एक स्ट्रोक ज्यादा लेना) कर बैठे। एक आर्मी ऑफिसर के बेटे आहूजा ने सातवें और आठवें होल पर 10 से 15 फीट की दूरी से कुछ अहम ‘पार सेव’ करके खुद को मुकाबले में बनाए रखा, क्योंकि उनकी ‘पटिंग’ अब बेहतर होने लगी थी।

इसके बाद अरिन ने एक शानदार ‘अप्रोच शॉट’ खेला और 12 फीट की दूरी से शॉट को होल में डालकर ‘ईगल’ हासिल किया, जिससे वह फिर से मुकाबले में लौट आए। लय मिलने के बाद, आहूजा ने 15वें और 17वें होल पर दो और लंबे ‘बर्डी’ शॉट लगाए और बढ़त बना ली। 18वें होल पर ‘बोगी’ लगने के बावजूद, अरिन ने इतनी अच्छी बढ़त बना ली थी कि वह एक शॉट के अंतर से चैंपियन बन गए।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में एक प्रोफेशनल के तौर पर अपना पहला सीजन खेलने को लेकर उत्साहित अरिन ने कहा, “यह हफ्ता मेरे लिए बहुत अच्छा रहा। मैं अपने कोच राहुल बजाज को उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद देता हूँ। आज मेरी शुरुआत खराब रही थी, लेकिन मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने अपना संयम बनाए रखा और अंत में शानदार वापसी की। 14वें होल पर ‘ईगल’ मिलने के बाद, मुझे पता चल गया था कि मेरे पास जीतने का अच्छा मौका है। इसके बाद मैंने हर शॉट पर अलग-अलग ध्यान दिया। इस हफ्ते मेरी सफलता के पीछे मेरी ‘पटिंग’ सबसे अहम रही।”

2026-27 डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई सीज़न की शुरुआत अब ‘इंडियनऑयल सर्वो मास्टर्स’ के साथ होगी, जो 17 से 20 नवंबर, 2026 तक डिगबोई, असम में आयोजित किया जाएगा।

Next Post

ग्रेप-1 लागू होने के बावजूद दिल्ली की हवा खराब, प्रदूषण पर ठोस कदम उठाने में विफल भाजपा सरकार- देवेंद्र

Fri Oct 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप-1) लागू होने के बावजूद दिल्ली में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ठोस कदम उठाने के बजाय […]

You May Like