
ग्वालियर। वरिष्ठ भाजपा नेता और लोकप्रिय समाजसेवी स्व. पातीराम जैन की 26 वीं पुण्यतिथि पर आज रविवार को जैन छात्रावास सभागार में श्रद्धांजलि सभा और श्रमवीर सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इस अवसर पर आयोजित श्रमवीर सम्मान समारोह की 26वीं कड़ी में कर्तव्य पालन के प्रति समर्पित मेहनतकश मजदूरों, कामगारों को सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर उपस्थित थे जबकि मुख्य वक्ता व विशिष्ट अतिथि के रूप में जीडीए के अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्षगण गंगाराम बघेल, अभय चौधरी, कमल माखीजानी, पूर्व निगम सभापति लालजी जादौन, वरिष्ठ नेता अशोक बांदिल, साडा के उपाध्यक्ष हरीश मेवाफरोश एवं मप्र चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल मंचासीन थे।
सभा में पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने अपने भावपूर्ण उदबोधन में स्व. पातीराम जैन को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि स्व. पातीराम भाजपा और उससे पहले जनसंघ की उस पीढ़ी के आखिरी स्तंभों में से थे, जो पद की स्पर्धा से दूर रहकर मौन लेकिन कर्मठ भाव से पार्टी के काम में व्यस्त और समर्पित रहते थे। राजनीतिक ग्लैमर से दूर रहकर उन्होंने स्वयं को सदैव साधारण कार्यकर्ता समझा। स्व. पातीराम ने कर्मठता, लगन, ईमानदारी व ध्येय के प्रति समर्पण भाव जैसे गुणों के चलते संगठन को सीढ़ी दर सीढ़ी सफलता की बुलन्दी पर पहुंचाया ।
जीडीए अध्यक्ष मधुसूदन भदौरिया ने कहा कि नई पीढ़ी के भाजपा कार्यकर्ताओं को अचरज के साथ गर्व होता है कि उनके पार्टी संगठन में पातीराम जैसे विराट व्यक्तित्व हुए जिन्होंने स्वविकास और महत्वाकांक्षा के बजाए परहित और दूसरों के दुखदर्द दूर कर एक खुशहाल समाज के निर्माण के लिए खुद को होम कर दिया। जीडीए अध्यक्ष ने उम्मीद के साथ कहा कि वे निर्मल जैन में भी उनके पिताश्री स्व. पातीराम जैसे ही सेवा, समर्पण और सदभावना के गुण देखते हैं
पूर्व जिलाध्यक्ष कमल माखीजानी ने कहा कि ग्वालियर में उन जैसे सैकड़ों कार्यकर्ता स्व. पातीराम जी एवं स्व. एनके शेजवलकर जैसे पुरोधाओं की प्रेरणा से ही राजनीति में आए। स्व. पातीराम ने छोटे कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया।
*स्व. बैजनाथ शर्मा के सुझाव पर शुरू हुआ था श्रमवीर सम्मान*
कार्यक्रम का संचालन कर रहे मदद संस्था के अध्यक्ष निर्मल जैन ने बताया कि स्व. पातीराम जी की प्रथम पुण्यतिथि पर 21 जून 2001 से मजदूर सम्मान समारोह का क्रम प्रारंभ हुआ। स्व. बैजनाथ शर्मा के सुझाव पर इसे श्रमवीर सम्मान समारोह के रूप में परिवर्तित किया गया। उन्हीं की स्मृति में हॉस्पीटल रोड पर पौधरोपण कर इस मार्ग को वृक्षों से आच्छादित किया गया है। आभार प्रदर्शन मदद संस्था के सचिव संजय चुग ने किया।
*सम्मानित किए गए ये श्रमवीर*
मदद संस्था की ओर से आयोजित श्रमवीर सम्मान समारोह में कर्मठ कामगारों को सम्मान निधि, शॉल, प्रशस्ति पत्र भेंटकर समाज के प्रति उनके द्वारा की जा रही सेवाओं के लिए कृतज्ञता व्यक्त की गई। सम्मानित होने वाले श्रमवीरो में पप्पू रजक, अशोक कुशवाहा, सिराज खान, रियाज खान, राहुल बाथम, नरेन्द्र कारपेंटर शामिल थे।
*इनकी रही उपस्थिति*
समारोह में शिरकत कर स्व. पातीराम जैन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में चेंबर के मानसेवी सचिव दीपक अग्रवाल, पारस जैन मुरार, संजय कट्ठल, पारस जैन, संजय सिंघल, ओम जजोरिया,महेंद्र जैन, अशोक गैंडा (पूर्व पार्षद),वीपूरनसिंह राणा एड., समाजवादी चिंतक शेखर जैन, रमेश रतिराम राठौर, डॉ.शिरीस सिंघल, शास. अधिवक्ता धर्मेन्द्र शर्मा, सुशीलकुमार जैन, वीरेंद्र जैन, संतोष जैन, महेन्द्र कुमार जैन, राजेश्वर राव, दिनेश रुस्तगी, अजय हथवलने, सुधीर शर्मा, हेमंत शर्मा मुकेश दांगी, पवनपाल सिंह कुशवाहा, सीके जैन, ऋषभ जैन, मनोज बांठिया आदि प्रमुख थे।
