शिवपुरी: बदरवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक तरफ जहाँ गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ 108 एम्बुलेंस सेवा के स्टाफ ने एक बीमार मरीज की जान को खतरे में डालकर उससे गाड़ी को धक्का लगवाया। ग्राम बिजरावन निवासी शैतान सिंह पुत्र बटन लाल आदिवासी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उसे लगातार खून की उल्टियां हो रही थीं, जिसके बाद उसे रात करीब 9:30 बजे बदरवास सीएचसी लाया गया।
यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल शिवपुरी के लिए रेफर कर दिया। 108 एम्बुलेंस मरीज को लेकर रवाना तो हुई, लेकिन अस्पताल परिसर से कुछ ही दूरी पर गाड़ी अचानक खराब हो गई। हैरानी की बात यह रही कि एम्बुलेंस स्टाफ ने दूसरा वाहन बुलाने या वैकल्पिक व्यवस्था करने के बजाय, खून की उल्टियां कर रहे उसी गंभीर मरीज से एम्बुलेंस को धक्का लगवाना शुरू कर दिया। जब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाया जाने लगा, तो स्टाफ ने वीडियो बनाने वाले पर दबाव डाला और मोबाइल से वीडियो डिलीट कराने का प्रयास किया।
बदरवास बीएमओ चेतन कुशवाह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि घटना की पूरी जांच कराई जाएगी और जो भी कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा।
