सतना :उप्र के राजापुर क्षेत्र के निवासी दंपत्ति उस वक्त सडक़ दुर्घटना का शिकार हो गए जब बड़े देव स्थान बरौंधा की ओर जाने के दौरान अचानक उनकी बाइक गड्ढे में जा गिरी. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण जहां महिला की मौत हो गई वहीं पुरुष को मामूली चाटें आईं.प्राप्त जानकारी के अनुसार छीबो पियरिया राजापुर उप्र के निवासी शिव शंभू द्विवेदी उम्र 63 वर्ष अपनी पत्नी पूनम द्विवेदी उम्र 58 वर्ष के साथ बाइक पर सवार होकर अपने गांव से बरौंधा क्षेत्र में स्थित बड़े देव स्थान की ओ जाने के लिए निकले थे.
बताया गया कि जैसे ही उनकी बाइक झरी क्षेत्र में कुर्मिन टोला के निकट पहुंची वैसे ही सडक़ पर बने बड़े से गड्ढे में जा गिरी. गड्ढे में गिरने के कारण श्रीमती पूनम बाइक से उछल गईं और सिर के बल नीचे गिरीं. सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वे वहीं पर बेसुध हो गईं. वहीं बाइक चला रहे शिव शंभू भी गिरे लेकिन उन्हें अपेक्षाकृत कम चोट आई. घटना होती देख आस पास के लोगों ने फौरन ही डायल 112 को सूचना दी.
जिसके जरिए दोनों को उएपचार के लिए मझगवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. लेकिन वहां पर जांच करने पर चिकित्सक द्वारा श्रीमती पूनम को मृत घोषित कर दिया गया. बताया गया कि सिर पर गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्त स्त्राव के कारण उनकी मृत्यु हो गई. इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया.
एसडीएम लिखे चुके हैं पत्र
बरौंधा से पिण्डरा या मझगवां चित्रकूट मार्ग पर सडक़ पर हो चुके जानलेवा गड्ढों की समस्या को लेकर स्थानीय रहवासियों द्वारा कई बार शिकायत की जा चुकी है. इतना ही नहीं बल्कि इस मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम मझगवां महिपाल गुर्जर आईएएस द्वारा पत्र भी लिखा जा चुका है. लेकिन इसके बावजूद भी जिम्मेदार इसे गंभीरता से लेते हुए नजर नहीं आ रहे हैं.
