भोपाल को मिला चौथा रेलवे स्टेशन, 28 जुलाई से निशातपुरा होगा ऑपरेशनल; मालवा एक्सप्रेस को CM दिखाएंगे हरी झंडी

भोपाल। शहर को 28 जुलाई से अपना चौथा रेलवे स्टेशन मिलने जा रहा है। लंबे इंतजार के बाद निशातपुरा रेलवे स्टेशन से नियमित यात्री सेवाएं शुरू होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शाम 5 बजे मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर स्टेशन का शुभारंभ करेंगे। शुरुआत में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ-जबलपुर एक्सप्रेस का नियमित ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर रहेगा। इसके बाद इंदौर की ओर जाने वाली कई ट्रेनों का संचालन भी यहीं से होगा और स्टेशन पूरी तरह ऑपरेशनल हो जाएगा।

रेलवे के अनुसार, निशातपुरा स्टेशन शुरू होने से भोपाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव कम होगा, ट्रेन संचालन अधिक सुचारु होगा और भविष्य में नई ट्रेनों के संचालन का रास्ता भी आसान बनेगा। जिन यात्रियों ने पहले से भोपाल रेलवे स्टेशन से यात्रा के लिए टिकट बुक कराए हैं, उन्हें अब निर्धारित समय पर निशातपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचकर ही ट्रेन पकड़नी होगी।

सोमवार को मंत्री विश्वास सारंग ने स्टेशन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में बने इस स्टेशन को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए नया फ्लाईओवर भी बनाया जा रहा है। यह फ्लाईओवर भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 (द्वारका नगर) से शुरू होकर निशातपुरा रेलवे स्टेशन तक पहुंचेगा। खास बात यह है कि यह करीब 6 रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाला देश का पहला रेल ओवर ब्रिज (ROB) होगा।

हालांकि, कुछ यात्रियों ने चिंता भी जताई है कि निशातपुरा स्टेशन तक पहुंचने में ट्रैफिक और अतिरिक्त यात्रा खर्च का सामना करना पड़ सकता है। इसके बावजूद रेलवे का मानना है कि नए स्टेशन के शुरू होने से राजधानी की रेल व्यवस्था अधिक व्यवस्थित होगी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Next Post

सरकार सेवा शर्तों में समानता लागू करे: नायक

Mon Jul 27 , 2026
भोपाल। मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ ने प्रदेश सरकार से सरकारी सेवाओं में समानता एवं समकक्षता के सिद्धांत को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग करते हुए कहा है कि वेतनमान, सेवा शर्तों और पदोन्नति में असमानता ही विभिन्न कर्मचारी वर्गों के बार-बार होने वाले आंदोलनों का प्रमुख कारण है। […]

You May Like