नयी दिल्ली, 25 मई (वार्ता) केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ने पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक के साथ एक रणनीतिक “बैंकाश्योरेंस” साझेदारी की है जिसके तहत वह बैंक के नेटवर्क का लाभ उठाकर राज्य के ग्रामीण इलाकों में अपने बीमा उत्पाद बेचेगी। कंपनी ने बताया कि यह साझेदारी पूरे ग्रामीण भारत में वित्तीय समावेशन को गहरा करने की कंपनी की यात्रा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस राज्य में फैली पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक की 960 शाखाओं के नेटवर्क के माध्यम से अपने जीवन बीमा उत्पादों की श्रृंखला पेश करेगी।
पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष आलोक के. गोयल, महाप्रबंधक राजेश कुमार मिश्रा, केनरा एचएसबीसी लाइफ इंश्योरेंस के डिप्टी सीईओ एवं बैंकाश्योरेंस के मुख्य वितरण अधिकारी सोली थॉमस और कंपनी के राष्ट्रीय व्यापार प्रमुख अमित जोशी की उपस्थिति में इस साझेदारी को औपचारिक रूप दिया गया। श्री थॉमस ने कहा, “यह सहयोग हमारे बैंकाश्योरेंस वितरण नेटवर्क को मजबूत करता है और हमें उन ग्राहकों तक सार्थक बीमा समाधान पहुंचाने में सक्षम बनाता है जो कम सुविधा वाले क्षेत्रों में रहते हैं। हमारा उद्देश्य परिवारों को अधिक वित्तीय सुरक्षा और दीर्घकालिक मजबूती प्रदान करने में सहायता करना है।” श्री गोयल ने कहा कि पश्चिम बंगाल ग्रामीण बैंक का ध्यान हमेशा से समावेशी वित्तीय सेवाओं के जरिये समाज को सशक्त बनाने पर रहा है। यह साझेदारी उसे अपने ग्राहकों को व्यापक जीवन बीमा समाधानों तक पहुंच प्रदान करके, उनके लिए पेश किये जाने वाले वैल्यू को बढ़ाने में सक्षम बनाती है।”

