गुना: शहर के नेशनल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल में आज प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के तत्वावधान में समस्त निजी स्कूल संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ निर्धारित समय शाम 4 बजे हुआ, जिसमें जिले भर के अनेक स्कूल संचालकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रंधावा जी ने की। उन्होंने अपने संबोधन में निजी विद्यालयों के सामने आ रही चुनौतियों को विस्तार से रखा और एकजुट होकर समाधान निकालने पर जोर दिया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों से आए संचालकों ने अपने-अपने संस्थानों से जुड़ी समस्याओं और मुद्दों को खुलकर सामने रखा।
संभाग स्तर से उपस्थित अभिषेक श्रीवास्तव (शिव शक्ति कॉन्वेंट स्कूल) और नवीन विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए। संगठन मंत्री नवीन सक्सेना जी ने अपने उद्बोधन में समस्याओं के समाधान हेतु कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए और संगठन को मजबूत करने की बात कही।बैठक में स्मृति पब्लिक स्कूल के संचालक आदित्य श्रीवास्तव, सरस्वती शिक्षा मंदिर के संचालक प्रमोद भार्गव, आकांक्षा पब्लिक स्कूल के संचालक सुनील आचार्य सहित नेशनल पब्लिक हायर सेकेंडरी स्कूल की संचालिका और गुना जिले के अनेक निजी विद्यालयों के संचालक उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित सदस्यों ने बैठक को सार्थक और सफल बताया। अंत में यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार की बैठकों के माध्यम से समस्याओं का सामूहिक समाधान निकाला जाएगा और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएंगे।
